अंबिकापुर। धोखाधड़ी करके विवाह करने एवं दहेज के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने पति सहित 9 लोगों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अजिरमा निवासी सुफिया बानो ने पुलिस को बताया है कि उसका विवाह मध्य प्रदेश के रीवा जिला अंतर्गत गोविन्दगढ़ निवासी मो. ताहिर से दिनाक 4 मई 2024 को हुआ है। विवाह के समय होने वाले पति एवं उसके घरवालों के मांग पर आई-टेन कार, वाशिंग मशीन, टीवी, कूलर, फ्रीज, सोफा, पलंग एवं घरेलू उपयोग के समस्त सामान के साथ नगद 21 हजार रुपये दिया था।

विवाह के बाद विदा होकर जब वह अपने ससुराल गई तो पति मो. ताहिर, मो. नकीम, शदरून निशा, सास नजमुन निशा, ससुर मो. इबरार, मो. नबी व चारों ननद सही सामान नहीं मिलने का उलाहना देने लगे। इनके द्वारा दहेज में सेकेंड हैंड कार देने की बात को लेकर हमेशा विवाद किया जाता था और पिता से नया कार मांग कर लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। मना करने पर पति के द्वारा गाली-गलौज व मारपीट किया जाने लगा। इनके प्रताड़ना को बर्दास्त करते हुए वह किसी तरह जीवन व्यतीत कर रही थी। इसी बीच दोनों के दाम्पत्य जीवन के बीच पुत्र का जन्म हुआ, जिसे पति एवं घरवाले अपना मानने से इन्कार कर दिए और बात-बात पर गाली-गलौज करने लगे।

इसी बीच नवविवाहिता को पता चला कि उसके पति मो. ताहिर का विवाह के पूर्व किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध रहा है और काम के बहाने झूठ बोलकर वह उक्त महिला के साथ रहता है। ससुराल वालों को यह पहले से पता था। पूछने पर उनके द्वारा कहा जाता था कि लड़की के घरवाले बहुत धनी हैं। विवाह में नया कार और 5 लाख रुपये देने के लिए बोल रहे हैं, इस कारण ताहिर उसके साथ रहता है और उससे जल्दी ही शादी कर लेगा।

इसकी जानकारी वह अपने पिता एवं भाई को दी, जिस पर वे बेटी के ससुराल आकर धोखे में रखकर विवाह करने के बारे में पूछताछ किए। इसके बाद वे माफी मांगने लगे और बेटी-दामाद को लेकर वे अंबिकापुर आ गए। कुछ दिनों के बाद बहू को लेने के लिए ससुर आए और लिखित में पति और ससुर ने भविष्य में दहेज की मांग नहीं करने और दूसरा विवाह जैसा कोई बात नहीं करने, लड़की को अच्छे से रखने का वचन दिया। इसके बाद वह अपने ससुराल आ गई थी। यहां आने के बाद पहले दिन ही पति, सास-ससुर और ननद के द्वारा नया कार क्यों नहीं दिलवाए, कहते हुए मारपीट की गई और उसका पति घर से भाग गया। इसकी जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग बेटी को लेकर घर आ गए। महिला थाना अंबिकापुर में 24 फरवरी 2025 को की गई शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष को थाने में तलब करके समझाइश भी दिया था। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में दहेज से संबंधित कोई मांग नहीं करने और अच्छे से रखने का पुन: वचन दिया, इसके बाद वह ससुराल आ गई थी। कुछ दिन अच्छे से रहने के बाद दहेज की मांग को लेकर गाली-गलौज, मारपीट करते हुए उसे फांसी पर लटकाने की योजना बनाने लगे, इसके बाद वह अपने बच्चे को लेकर अंबिकापुर आ गई। पुलिस ने आरोपी पति सहित अन्य के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: