53 बाराती घायल हुए, 7 प्राथमिक चिकित्सा के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर

बलरामपुर । बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो थाना क्षेत्र के कंठी घाट में गुरुवार को बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर 50 फिट ऊंचाई से नीचे सड़क में गिर गई। भयावह दुर्घटना में बस के परखच्चे उड़ गए। एक महिला, एक बच्चे सहित 3 की मौत हो गई, जबकि 53 बाराती घायल हो गए, इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई। बस में 70 से अधिक बाराती सवार थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस से निकालकर जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया। बड़े हादसे के स्वास्थ्य केन्द्र चांदो में घायलों को उपचार की सुविधा नहीं मिल पाई, जिससे चरमराई स्वास्थ सुविधा की पोल खुल गई।
जानकारी के मुताबिक शंकरगढ़ के बेलकोना निवासी एक युवक की शादी झारखंड के भंडरिया में तय हुई थी। गुरुवार की सुबह दूल्हे के घर से बस का चालक बारातियों को लेकर निकला था। बस चांदो थाना क्षेत्र के कंठी घाट के पास पहुंची ही थी कि चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस करीब 50 फीट नीचे गिर गई। ऊंचाई से बस गिरने के दौरान 2-3 पेड़ भी उखड़ गए। सूचना मिलते ही चांदो पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सभी को बलरामपुर जिला अस्पताल संजीवनी 108 व अन्य वाहनों के माध्यम से लाकर भर्ती कराया। 7 गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। 46 बारातियों का इलाज बलरामपुर अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर बलरामपुर जिला कलेक्टर राजेंद्र कटारा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना। पुलिस ने जेसीबी की मदद से बस को हटाया।

तीन दिनों में हुए दो बड़े हादसे
बता दें कि पिछले तीन दिनों में सड़क हादसों की यह दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। एनएच  343 के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झींगो में ओवरटेक करने के दौरान बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई थी जिसमें  कई  घायल हुए थे। इसके दूसरे दिन चांदो के कंठी घाट में बड़ा हादसा हुआ। दुर्घटनाओं को देखने के बाद कहीं ना कहीं यातायात व परिवहन विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही साफ नजर आ रही है। बलरामपुर जिले भर में अनफिट बसें सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रही हैं।

इनकी हुई मौत
दुर्घटना में ममेश बड़ा पिता भकिन बड़ा (13) निवासी ग्राम गोपालपुर थाना राजपुर, महंती कुजूर पिता हेमंत कुजूर (30) निवासी धारानगर, बेलकोना तहसील शंकरगढ़, बनेशरा तिर्की पिता सीताराम तिर्की (18) निवासी धारानगर, बेलकोना तहसील शंकरगढ़ की मृत्यु हो गई।

चांदो स्वास्थ्य केन्द्र की बदहाली सामने आई
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल-बेहाल है। अगर कोई बड़ी घटना हो जाए तो यहां के लोगों को बलरामपुर या कुसमी दौड़ लगाने की नौबत बनती है। गुरूवार को दर्दनाक घटना के बाद घायलों को सीधे बलरामपुर रवाना करना इसका बड़ा उदाहरण है। बताया जा रहा है कि गुरूवार को यहां के स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक नहीं थे। एक आरएमए की यहां पदस्थापना है, जो कब ड्यूटी करते हैं और कब छुट्टी में रहते हैं, इसका पता किसी को नहीं चल पाता है। 

Categorized in: