अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के महामायापारा की एक युवती की मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लेबर वार्ड में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतिका के स्वजन ने गर्भपात की गोली खिलाने का आरोप मोहल्ले में ही नाना-नानी के यहां रहने वाले युवक पर लगाया है। पुलिस ने मृतिका के शव का पोस्टमार्टम महिला डॉक्टर की मौजूदगी में कराया है और शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक प्रिया पावले पिता स्व. दिनेश पावले 22 वर्ष, महामायापारा में अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती है। पास में ही मनोज विश्वकर्मा के साथ उसका भांजा गोलू विश्वकर्मा रहता है। बताया जा रहा है कि गोलू और मृतिका प्रिया के बीच प्रेम संबंध था। दोनों के बीच बने संबंध के बाद युवती गर्भवती हो गई थी। युवती के परिवार के सदस्य इससे अनजान थे। इधर गर्भपात के लिए प्रेमी युवक के द्वारा दवा दिया गया था, जिसका सेवन वह की थी। रविवार को पेट में दर्द होने पर प्रिया को लेकर छोटी बहन दोपहर करीब 2 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल जा रही थी। इस दौरान गोलू विश्वकर्मा और उसके मामा मिले। प्रिया का तबियत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर वे भी अस्पताल पहुंचे और उसे भर्ती करा दिया था। युवती की खराब हालत देखकर नर्सों ने ब्लड की तत्काल व्यवस्था करने के लिए कहा था। इसके बाद दोनों ब्लड की व्यवस्था करने के बहाने वहां से चले गए। इनके ब्लड लेकर आने का इंतजार नर्सें करती रह गईं लेकिन नहीं आए। काफी देर होने के बाद भी जब दोनों नहीं पहुंचे तो प्रिया की छोटी बहन अपनी मां को फोन करके बताई कि वह दीदी को लेकर अस्पताल आई है। इसकी जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंची मां ने देखा कि उसकी बेटी बेसुध पड़ी है। नर्सों ने बताया कि उनकी लड़की गर्भपात के दवा का सेवन की है, जिस कारण उसकी तबियत बिगड़ गई है। इलाज के दौरान शाम 5.7 बजे युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मृतिका की मां, बहन का बयान दर्ज करके फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया है।

Categorized in: