अंबिकापुर। शहर के गुदरी चौक से लगे विजय मार्ग में स्थित गीता प्रिंटर्स एंड स्टेशनरी में गुरूवार की सुबह भीषण आग लगने से अफरातफरी की स्थिति बन गई। दुकान के अंदर से धुआं निकलते देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दुकान के संचालक को फोन करके दी। इनके दुकान पहुंचते तक आग अंदर ही अंदर वीभत्स रूप ले चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पानी और फोम की फुहार करने वाले अग्निशामक वाहन के साथ होमगार्ड का अग्निरोधक दस्ता पहुंचा और लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की क्षति का अनुमान है। दुकान से लगा एक निजी अस्पताल सहित अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी हंै। ऊपरी मंजिल तक आग फैल पाती, इसके पहले अग्निरोधक दस्ते ने आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के मुताबिक जोड़ा पीपल के पास रहने वाले संजय सिन्हा का विजय मार्ग, संगम चौक गली में गीता प्रिंटर्स एंड स्टेशनरी नामक दुकान है। रोजाना की भांति वे बुधवार को दुकान बंद करके घर चले गए थे। गुरूवार को सुबह 9 बजे उन्हें दुकान के आसपास रहकर फर्नीचर का काम करने वाले लोगों से सूचना मिली कि दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है और अंदर कुछ जल रहा है। इसकी सूचना मिलने पर वे दुकान पहुंचे और सबसे पहले दुकान के उस शटर को खोला, जिधर से धुआं उठ रहा था। शटर खोलने पर पता चला कि दुकान के अंदर से धुएं का गुबार उठ रहा है और दो बड़ा आफसेट मशीन, एक मिनी आफसेट मशीन, एक्सपोजर, स्क्रीन प्रिंटिंग का पर्दा, स्टार्टर, कागज के अलावा प्रिंट करके रखे गए लाखों का सामग्री, शादी कार्ड, स्याही, केमिकल सहित अन्य सामान पूरी तरह से आग की चपेट में आ गया था। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अग्निरोधक दस्ते ने फोम और पानी की फुहार करके आग को कंट्रोल करने का प्रयास किया, जिससे बगल में स्थित अस्पताल व अन्य दुकानों पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा। आग की चपेट में आने से दुकान में लगे एसी सहित सारे इलेक्ट्रानिक उपकरण भी खाक हो गए है।

Categorized in: