अंबिकापुर। ऑनलाइन सट्टा में रकम लेन-देन करने के लिए म्यूल एकाउंट खुलवाने वाले आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कई लोगों का आधार कार्ड लेकर म्यूल एकाउंट खुलवाया और रकम का लेन-देन किया था। मामले में कोतवाली पुलिस टीम वर्ष 2024 में 03 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
जानकारी के मुताबिक 13 मई 2024 को थाना कोतवाली पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीन सटोरिये को हिरासत में लिया था, जो अपने संपर्क एवं जान-पहचान के लोगों को स्काई एक्सचेज लिंक भेजकर आईपीएल मैच गुजरात टाइटन्स व कोलकता किंग राइडर्स के बीच चल रहे टी-20 मैच में ऑनलाइन सट्टा खेलने व खेलवाने का काम कर रहे थे। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो तीनों मोबाइल ऑपरेट करते हुए मिले। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा 30 वर्ष, अमित मिश्रा उर्फ पहलू 30 वर्ष और शुभम केसरी 28 वर्ष सभी निवासी सत्तीपारा अंबिकापुर, शिव मंदिर के पास का होना बताए। आरोपी अमित मिश्रा ऊर्फ पहलू से जप्त एप्पल मोबाइल फोन आईफोन-15 से वाट्सअप ऐप में किए गए चैट, फोन पे ऐप में लेन-देन संबंधी सट्टा खेलने व खिलवाने का साक्ष्य प्राप्त हुआ। आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा से सट्टा खेलने व खिलाने वाले लोगों द्वारा दिया गया एटीएम कार्ड, तथा शुभम केशरी से हार-जीत का लेखा-जोखा मिला। इसके साथ ही सट्टा खेलने व खिलवाने वाले लोगों का पास बुक व चेक बुक तथा मोबाइल मिला था, जिसमें सट्टा खेलने वाले लोगों का फोन पे एप्लीकेशन डाउनलोड कर पैसे का लेन-देन संबंधित साक्ष्य पाया गया था। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 19 मोबाइल फोन, 03 पासबुक, 02 चेक बुक, 21 एटीएम कार्ड एवं 20100 रुपये नगद व अन्य दस्तावेज बरामद किया गया था। मामले में थाना कोतवाली में पूर्व में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7, 8 का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, वर्तमान में आरोपी जमानत पर हंै। पुलिस टीम मामले में अग्रिम जांच, विवेचना में जुटी थी। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, आरक्षक शिव राजवाड़े, मंटुलाल गुप्ता, आनंद गुप्ता सक्रिय रहे।
बैंक खाता खोलने से अनभिज्ञ था खाताधारक
पुलिस टीम आरोपियों से जप्त एटीएम, खाता धारकों के नाम, पता, मोबाइल नंबर की जानकारी संबंधित बैंकों को प्रतिवेदन भेजकर प्राप्त की और केनरा बैंक के खाताधारक आभाष पासवान पिता कृष्णा पासवान 22 वर्ष निवासी दर्रीपारा, गुढ़ी माता चौक अंबिकापुर को तलब कर पूछताछ की। उसने अपने नाम से केनरा बैंक में खाता नहीं खोलने की जानकारी पुलिस को दी और बताया कि वर्ष 2023 में काम करने के लिए वह अपना आधार कार्ड रितिक मंदिलवार को दिया था। पुलिस ने केनरा बैंक अंबिकापुर से खाता ओपनिंग फार्म की मूल प्रति जप्त करके खाता धारक को दिखाया, तो वह खुद को अशिक्षित हस्ताक्षर को अपना नहीं होना बताया।
रितिक खुलवाया खाता और प्राप्त किया कमीशन
पुलिस ने रितिक मंदिलवार उर्फ बमफोड़ पिता विमल मंदिलवार 24 वर्ष निवासी जोड़ा तालाब को नोटिस देकर तलब किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अमित मिश्रा उर्फ पहलू के कहने पर वह आभास पासवान का आधार कार्ड लेकर उसका फोटो अपने मोबाइल से निकलवाया था और आभास को बिना कुछ बताए केनरा बैंक ले गया। यहां खाता खोलवाकर बैंक खाता, एटीएम प्राप्त कर लिया। इसी तरह से 14-15 अलग-अलग लोगों का बैंक एकाउंट खोलवाकर वह अमित मिश्रा उर्फ पहलू को दिया था। इसके बदले में उसे कमीशन अपने यूनियन बैंक के एकाउंट में प्राप्त होता था। प्रकरण में धारा 467, 468, 471, 120बी भा.द.वि. का अपराध पाए जाने पर उपरोक्त धारा जोड़ी गई और आरोपी रितिक मंदिलवार को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Categorized in: