मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज विभाग उड़नदस्ता दल ने गुरुवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध परिवहन करते 4 रेत वाहन व 1 गिट्टी वाहन जब्त किया है। वहीं ईंट भट्टों से अवैध उत्खनन व परिवहन से पांच लाख से अधिक की राशि वसूल की है। जिला खनिज विभाग द्वारा जिले में लगातार छापामार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग द्वारा गुरुवार को चैनपुर, चिमटीमार क्षेत्र के हसदेव नदी से 04 ट्रैक्टर वाहन एवं 01 गिट्टी के ट्रैक्टर को जप्त किया गया है। सभी वाहनों को सुरक्षार्थ कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा किया गया है। सभी वाहनों के विरूद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 में कार्यवाही की गई है। जानकारी के अनुसार जिले में खनिज विभाग द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारणकर्ताओं के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। खनिज विभाग द्वारा इस वित्तीय वर्ष जिले के चिरमिरी, पोड़ी, नागपुर, चौघड़ा, चनवारीडांड, झगड़ाखांड क्षेत्र के अवैध ईंट भट्टो से अवैध उत्खनन के प्रकरण दर्ज कर कुल 477000 रुपए एवं मिट्टी ईंट के अवैध परिवहन से 75250 रुपए अर्थदंड एवं समझौता की राशि निर्धारित खनिज मद में जमा कराया गया है। खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष भी हम प्राप्त राजस्व लक्ष्य के पूर्ति के लिए लगातार प्रयासरत है। इस प्रकार की खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।

Categorized in: