अंबिकापुर। राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में 14 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित एमआरआई मशीन की टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी हो गई है। लम्बे इंतजार के बाद इसका लोकार्पण आज 23 अप्रैल, बुधवार को प्रदेश के लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में होगा। इसके पूर्व अस्पताल प्रबंधन के द्वारा जांच में किसी प्रकार की असुविधा जैसी स्थिति न बनने पाए, इसे ध्यान में रखते हुए मरीजों का एमआरआई जांच, टेस्ट प्रक्रिया के बीच शुरू कर दिया था। एमआरआई मशीन की स्थापना के लिए रेडियोलॉजी विभाग में तैयार किए गए कक्ष की कमियों को भी दूर कर लिया गया है।
बता दें कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिले, इसके लिए 128 स्लाइस का अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन लगाया गया है। एमआरआई भी जर्मनी के विप्रो जी कंपनी से आयातित उच्च तकनीक 1.5 टेसला का स्थापित किया गया है। दुर्घटना में घायलों के अलावा स्पाइनल न्यूरोलॉजी रिपोर्ट में सीटी स्कैन से ज्यादा बेहतर रिपोर्टिंग एमआरआई मशीन से मिलती है। मशीन लगने से बीमारियों की पड़ताल हो सकेगी और कम खर्च में लोगों को स्थानीय स्तर पर ही इसका लाभ मिलेगा। एमआरआई मशीन की खरीदी के लिए वर्ष 2019 में स्वीकृति मिली थी। इसके लिए एसईसीएल के सीएसआर मद से 7 करोड़, वहीं शेष राशि मेडिकल कॉलेज की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। जर्मनी की विप्रो जी कंपनी से 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन खरीदने का निर्णय पूर्ववर्ती सरकार के समय लिया गया था। वर्तमान में सरगुजा संभाग में कहीं भी शासकीय अस्पताल में एमआरआई की सुविधा नहीं है। ऐसे में गंभीर मरीजों को एमआरआई कराने के लिए शहर के निजी अस्पताल अथवा बनारस, रायपुर की ओर रूख करना पड़ता था, जिससे मरीज के स्वजन को अधिक आर्थिक भार सहना पड़ता था। रेडियोलॉजी विभाग के कार्यों में किसी प्रकार के व्यवधान की स्थिति न बनने पाए, इसके लिए अलग से बिजली की सुविधा सुनिश्चित करते हुए ट्रांसफार्मर भी लगाया गया है।
सांसद, विधायक सहित अन्य अति विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि सांसद सरगुजा चिंतामणि महराज, विधायक अंबिकापुर राजेश अग्रवाल, विधायक लुण्ड्रा प्रबोध मिंज, विधायक सीतापुर राम कुमार टोप्पो, अध्यक्ष गृह निर्माण मण्डल अनुराग सिंहदेव, अध्यक्ष राज्य युवा आयोग विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर मंजूषा भगत, अध्यक्ष जिला पंचायत निरूपा सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा भारत सिंह सिसोदिया व विशिष्ट अतिथि सचिव लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग आईएएस अमित कटारिया, कुलसचिव पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एण्ड आयुष यूनिवर्सिटी डॉ. पीके पात्रा, विशेष सचिव आईएएस डॉ. प्रियंका शुक्ला, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा आईएएस किरण कौशल, संचालक चिकित्सा शिक्षा विभाग डॉ. यूएस पैकरा, प्रबंध संचालक सीजीएमएससी आईएएस पद्मिनी भोई होंगे।
साधारण सभा के होंगे ये आयोजन
राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में स्वशासी सोसायटी साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक की अध्यक्षता मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। बैठक आज 23 अप्रैल को अपरान्ह 03 बजे से सायं 05 बजे तक होगी। इसके बाद
सायं लगभग 06 बजे नए एमआरआई मशीन का लोकार्पण होगा। 07 बजे से वार्षिक उत्सव ‘कारवां 2.0Ó कार्यक्रम स्वास्थ्य मंत्री के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर चिकित्सा छात्रों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।

Categorized in: