अंबिकापुर। सरगुजा जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विगत एक सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री पार कर गया है और लू का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में प्रदेश में स्कूलों के संचालन से बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। गर्मी से बच्चों के लगातार बीमार होने की सूचनाएं आ रही है। इसे लेकर मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शालेय शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी से मोबाइल पर चर्चा करके तत्काल प्रभाव से स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। चर्चा में उन्होंने कहा कि शासकीय नियमानुसार एक वर्ष के 365 दिन की अवधि में न्यूनतम 160 से अधिकतम 200 दिन स्कूलों को खोला जाना है। प्रशासन इसे मानवीय संवेदना के आधार पर समायोजित करे ताकि स्कूली बच्चों पर मौसम की भीषणता का नकारात्मक असर न पड़ने पाए। उन्होंने शालेय शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को सुझाव दिया कि स्कूलों में अवकाश घोषित करके बच्चों को सूखा मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए। पूर्व उपमुख्यमंत्री को शालेय शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने आश्वस्त किया कि इस दिशा में तत्काल कदम उठाया जाएगा।

Categorized in: