अंबिकापुर। हत्या का प्रयास करने के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व में पुलिस ने मामले में 01 आरोपी को गिरफ्तार किया था। प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है।
प्रतापपुर नाका खालपारा निवासी तुषार सिंह ने बीते 16 मार्च को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 14 मार्च को उसके पिता संत लाल सिंह अपने कार क्रमांक सीजी 10 एबी 8933 से पैतृक ग्राम खड़गवां कला गए थे। गांव से आते समय शाम करीब 5.30 बजे सकालो मण्डी के पास गाड़ी पंचर होने पर उसे फोन करके लेने के लिए बुलाए थे। जब वह स्कूटी लेकर सकालो धान मण्डी के पास गया तो वहां चार लोग पहले से खड़े थे, जो उसके पिता के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बीच काले रंग के बुलेट से तीन लोग गोविंद उराव, विनोद प्रजापति एवं एक अन्य व्यक्ति आए और उसके पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट करते हुए उठाकर रोड में पटक दिए, जिसमें उनके मुह एवं सिर के पीछे से खून निकलने लगा और वे बेहोश हो गए थे। इसके बाद सभी लोग वहां से भाग गए। घटना की जानकारी वह अपने चाचा को फोन करके दिया। कुछ देर बाद चाचा गाड़ी लेकर पहुंचे और उसके पिता को जिला अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। पिता को रवाना करने के बाद जब वह स्कुटी से घर जाने लगा, तो बुलेट सवार पुन: लौटकर आए और गाली-गलौज करके जान से मारने की धमकी देने लगे। इनके द्वारा थाना में रिपोर्ट करने पर तुषार को भी जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी और चले गए। घायल संतलाल सिंह को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रेफर करने पर जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां ब्रेन का आपरेशन कराने के बाद उनका इलाज चल रहा है। कोमा की स्थिति में पीड़ित के पुत्र द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296, 352(3), 115(2), 3(5), 109(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना दौरान पूर्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग सिंह निवासी सरगवां स्कूल पारा को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया था। अन्य आरोपियों के तलाश में लगी पुलिस ने आरोपी गोविन्द मिंज पिता आत्मा बोस 36 वर्ष निवासी सरगवां व विनोद प्रजापति पिता अशोक प्रजापति 40 वर्ष निवासी सकालो कोलतापारा को गिरफ्तापर किया है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी गोविन्द मिंज के कब्जे से मारपीट में में प्रयुक्त कड़ा जप्त किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना गांधीनगर से उप निरीक्षक रश्मि सिंह, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, उप निरीक्षक नवल दुबे, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुजूर, आरक्षक केवल साहू, कशमुद्दीन अंसारी, रामकेश्वर, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

Categorized in: