अंबिकापुर। कक्षा 5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। उदयपुर विकासखंड के प्राथमिक शाला कुण्डेली में कक्षा 5वीं की परीक्षा के दौरान 22 मार्च को बिना किसी सूचना के अनाधिकृत रूप से सहायक शिक्षक एलबी पात्रिक लकड़ा अनुपस्थित थे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी उदयपुर ने जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा को दी थी। प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उक्त शिक्षक पर कार्य में लापरवाही पाए जाने पर निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय लखनपुर नियत किया गया है। इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
वहीं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी लुण्ड्रा से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार कृष्ण कुमार त्रिपाठी प्रधान पाठक प्राथमिक शाला आसनडीह (संकुल समन्वयक संकुल केन्द्र देवरी) दिनांक 29.03.2025 को एकीकृत बोर्ड परीक्षा कक्षा 8वीं सामाजिक विज्ञान, 01.04.2025 को विज्ञान तथा 03.04.2025 को संस्कृत विषय की परीक्षा के दौरान बिना किसी सूचना के अनाधिकृत रूप से परीक्षा संचालित संस्था से अनुपस्थित पाए गए। इनकी अनुपस्थिति के कारण परीक्षा जैसे अत्यावश्यक कार्य संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। इस संबध में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी लुण्ड्रा के द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया, किन्तु उन्होंने इसका कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया है। द्वय शिक्षकों के कृत्य को छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 से सर्वथा विपरीत और कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता एवं लापरवाही का द्योतक और कर्तव्य निर्वहन में प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में कृष्ण कुमार त्रिपाठी का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बतौली नियत किया गया है। दोनों शिक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

Categorized in: