वर्ष के अंतिम दिन संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम कीे बड़ी कार्रवाई

दीपक ट्रांसपोर्ट का संचालक सौरभ सिंह जेल दाखिल

अंबिकापुर। नए साल के पूर्व आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दरिमा मुख्य मार्ग में स्थित ग्राम मानिकप्रकाशपुर में एक किराए के गोदाम से 300 पेटी हरियाणा राज्य काी ब्लैक डॉट व्हिस्की जप्त किया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नए वर्ष के अवसर पर अवैध मदिरा के तस्करी की पूरी संभावना के मद्देनजर क्षेत्र में मुखबिर तैनात किए गए हैं। इन्हें कहीं भी शराब का बड़ा खेप उतरने की सूचना मिलने पर तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि दरिमा मुख्य मार्ग में मानिकप्रकाशपुर के पास दीपक ट्रांसपोर्ट के मालिक सौरभ सिंह के यहां भारी मात्रा में हरियाणा राज्य का माल उतरा है, जिसे सभी जगह सप्लाई करने की तैयारी की गई है। उन्होंने सुबह ही सौरभ सिंह को उसके घर से उठा लिया था और उसे किराए के गोदाम में ले जाकर तलाशी ली गई, जहां 300 पेटी हरियाणा राज्य की ब्लैक डॉट व्हिस्की सहेजकर रखा गया था। रंजीत गुप्ता ने बताया कि अवैध शराब की 300 पेटियों में 14 हजार 400 नग ब्लैक डॉट व्हिस्की का पाव था, जिसमें 2590 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की भरी हुई थी, इसका बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपये है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षण कुमारू राम, अशोक सोनी, रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पहले पंजाब प्रांत का 165 पेटी मिला था शराब
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पहले भी सौरभ सिंह के दीपक ट्रांसपोर्ट गोदाम से उसके मैनेजर बाल भगवान पांडे के कब्जे से 165 पेटी पंजाब राज्य की विदेशी मदिरा जप्त करके मैनेजर को जेल भेजा गया था। ऐसे में पुन: मुखबिर से मिली सूचना विश्वसनीय लगी और तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का जखीरा जप्त करने में सफलता मिली। सरगुजा संभाग में आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम के द्वारा अवैध विदेशी मदिरा के विरूद्ध की गई यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।

 

Categorized in: