कुसमी से 45 दिन पूर्व गायब हुए महिला व उसके पुत्र-पुत्री का कंकाल होने की संभावना
बलरामपुर। बलरामपुर जिला मुख्यालय से सटे ग्राम दहेजवार में बंद पड़े फ्लाई ऐश ब्रिक्स के पीछे खेत में तीन मानव कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बलरामपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। कुसमी से करीब 45 दिन पूर्व सूरज देव ठाकुर की पत्नी 17 वर्षीय पुत्री एवं 5 वर्षीय पुत्र गायब थे। स्वजनों ने बरगढ़ के आरिफ अंसारी पर भगाकर बेचे जाने की आशंका व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी से लिखित में इसकी शिकायत की थी। तीनों कंकाल मां एवं पुत्र-पुत्री के तो नहीं, इस संभावना पर पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह 7 से 8 बजे के बीच ग्राम दहेजवार में बंद पड़े फ्लाई ऐश ब्रिक्स के पीछे मानव कंकाल बिखरा पड़ा था, जिसे देखने के बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा तत्काल इसकी सूचना कोतवाली थाने में दी गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं डॉग स्क्वाड एवं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके द्वारा बिखरे मानव कंकाल की जांच की जा रही है। इस बीच सामने आया कि कुसमी के सूरज देव ठाकुर की पत्नी कौशल्या 35 वर्ष, पुत्री मुस्कान 17 वर्ष व पुत्र मिंटू 5 वर्ष गायब थे। बताया जा रहा है गायब कौशल्या के स्वजन दहेजवार पहुंचे और कपड़े देखकर मृतकों की पहचान किए। इससे संभावना है कि कंकाल मां एवं पुत्र-पुत्री का हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने भी इससे इन्कार नहीं किया है, उनका कहना है कि जल्द हम मामले का पर्दाफास कर देंगे।
कुसमी पुलिस पर लापरवाही का लगा आरोप
सूरज देव ठाकुर की पत्नी, पुत्र, पुत्री के गायब होने के बाद इसकी लिखित शिकायत कुसमी थाना प्रभारी से की गई थी। इनके द्वारा बरगढ़ के आरिफ अंंसारी पर संदेह जताया गया था। यह भी बताया था कि संदेही के द्वारा इन्हें बेचा जा सकता है। आरोप है कि कुसमी पुलिस के द्वारा प्रभावकारी ढंग से मामले को नहीं लिए, जिससे आज तक इनका पता नहीं चल पाया है। यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस कौशल्या के बहन के बेटे के साथ देहजवार पहुंची थी तो आ रही दुर्गंध से आशंका जताई गई थी कि कहीं उन लोगों को मारकर फेंका तो नहीं गया है, परंतु पुलिस के गंभीर नहीं रहने से डेढ़ माह से यह गुत्थी अनसुलझी है।

Categorized in: