केबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव के पत्राचार का असर

अंबिकापुर. खरीफ सीजन की शुरूआत के साथ ही जिले में यूरिया खाद की कमी की आशंका के मद्देनजर टीएस सिंहदेव द्वारा किये गए प्रयास के नतीजे सामने आ गये हैं। दिनांक 5 जुलाई को उनके द्वारा कृषि मंत्री रवींद्र चौबे को यूरिया खाद के त्वरित आपूर्ति हेतु पत्र लिखा गया था। पत्र प्राप्त होने के पश्चात प्रदेश सरकार ने जिले को लक्ष्य 9000 टन के विरुद्ध अबतक 8258 टन यूरिया की आपूर्ति कर दी है। टीएस सिंहदेव द्वारा पत्र प्रेषित किये जाने के उपरांत 8 एवं 9 जुलाई को लगातार दो दिन 2 रैक यूरिया की आपूर्ति की गई है। दिनांक 14 जुलाई को एक और रैक यूरिया का जिले में पहुंचेगा। इस तरह लक्ष्य से ज्यादा खाद आपूर्ति जिले में सुनिश्चित करने का प्रयास टीएस सिंहदेव द्वारा किया जा रहा है।


खरीफ सीजन में 15 जुलाई के बाद यूरिया खाद की आवश्यकता पड़ती है। केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के यूरिया कोटे में 36 प्रतिशत की कटौती किये जाने से इस बात की संभावना थी कि खरीफ सीजन में यूरिया की किल्लत हो सकती है। इस कमी का अनुमान कर टीएस सिंहदेव ने मई महीने से ही प्रयास प्रारंभ कर दिया था। इस परिप्रेक्ष्य में उन्होंने 25 मई को ही पहला पत्र कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने बाबत प्रेषित कर दिया था। उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के यूरिया कोटे में भारी कटौती के उपरांत भी सरगुजा जिले में लक्ष्य से अधिक यूरिया आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। उन्होंने जिले के किसानों को आश्वस्त किया है कि यूरिया खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। टीएस सिंहदेव द्वारा जिले में त्वरित प्रयास से यूरिया खाद उपलब्ध कराने पर जिला कांग्रेस कमेटी ने उनका आभार जताया है।

खाद के लिए किसान कर रहे संघर्ष
खेती बाड़ी के समय में किसान खाद के लिए जद्दोजहद करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद भी किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रहा है। जिले मं खाद की किल्लत होने से समय पर खाद नहीं मिलने से इसका असर सीधे फसल पर पड़ रहा है। वहीं खाद के लिए किसानों को चक्काजाम तक करना पड़ रहा है। पिछले दो दिनों तक किसानों को लगातार चक्का जाम करना पड़ा। इस समस्या को देखते हुए मंत्री टीएस ङ्क्षसहदेव द्वारा कृषि मंत्री रवींद्र चौबे को यूरिया खाद के त्वरित आपूर्ति हेतु पत्र लिखा गया था।

व्यवस्था बनाने दिए निर्देश
केबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने जिला कांग्रेस कमेटी को ऐसी व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया है जो किसानों की समस्या पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या का निराकरण करें। इस कार्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शामिल करने का निर्देश दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने इस दिशा में अपने प्रयास प्रारंभ कर दिये हैं। उन्होंने बतलाया है कि ग्रामीण स्तर पर कार्यकर्ताओं के समूह तैयार कर उनके माध्यम से समस्याओं के समुचित और त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

सरगुजा संभाग के सभी किसानों को आश्वस्त करता हूं कि इस खरीफ सीजन में धान, मक्का, सब्जियों और अन्य फसलों के लिए जो भी खाद की आवश्यकता है चाहे वो लक्ष्य से अधिक हो उपलब्ध कराने प्रयासरत रहूंगा।


टीएस सिंह देव, स्वास्थ्यमंत्री

Categorized in: