मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा)- शासन की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने दो दिवसीय अवकाश पर जाने का फैसला कर लिया है जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं पर असर पड़ने की पूरी संभावना है।

मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिले के अधिकारी कर्मचारी अपनी ज्वलंत समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर 2 और 3 नवंबर 2020 को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ के कोरिया जिला अध्यक्ष सोमेंद्र मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी विगत 8 माह से अवकाश पर नहीं गए हैं। रविवार व अन्य शासकीय अवकाश के दिन भी लगातार समय सीमा से ज्यादा काम कर रहे हैं जिसमें कोरोना से ग्रसित कई अधिकारी कर्मचारी का आकस्मिक निधन भी हो चुका है इस दौरान कई कर्मचारी उनके परिवार के लोग भी कोरोना संक्रमित हुए हैं परंतु शासन प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस और उनके परिवारों के हित में कोई उचित निर्णय नहीं लिया गया है।

मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कोरोना वॉरियर्स के लिए मौखिक जीवन बीमा 50 लाख की घोषणा की गई परंतु आज दिनांक तक कोई भी आदेश जारी नहीं हुआ है। कोरोना विरुद्ध स्वयं की जान को जोखिम में डालकर लाखों लोगों की जान बचाने वाले वाले को प्रशस्ति पत्र देकर कागजी दिखावा किया गया और उनकी जुलाई 2020 की वेतन भी रोक कर दिया गया जो वर्तमान छत्तीसगढ़ शासन की मानवीय असंवेदना व कर्मचारी विरोधी नीति को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ऐसे कर्मचारी विरोधी नीति की पुरजोर निंदा करता है। इसके अलावा प्रशासन के कई आदेशों का जैसे गर्भवती शिशुवती महिला बीपी शुगर व अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित कर्मचारियों को कोरोना ड्यूटी न लगाने, 14 दिन ड्यूटी करने के पश्चात 7 दिन क्वारंटाइन का पालन करने में नहीं दिया जा रहा है। इस प्रकार 17 सूत्री मांगों को लेकर जिसमें कोरोना ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों का वेतन 10 प्रतिशत एक माह का अतिरिक्त वेतन, कोरोना से निधन पर 50 लाख का बीमा, परिवार के सदस्यों को योग्यता अनुसार तत्काल अनुकंपा नियुक्ति, अधिकारी कर्मचारी को अस्पताल में पृथक वार्ड की व्यवस्था, अंशदाई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन बहाली, लंबित पदोन्नति की कार्रवाई को पूर्ण कराने व अन्य मांगे शामिल है। स्वास्थ्य कर्मचारी 2 और 3 नवंबर 2020 को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।

इस दौरान प्रांतीय महामंत्री आर डी दिवान,संभागीय सचिव अरुण कुमार ताम्रकार, ब्लॉक अध्यक्ष खुर्शीद अहमद, मोहम्मद सिद्दीक, सुबीना डेविड, प्रमेंद्र सिंह, अनुपमा,पुष्पा पटेल, लक्ष्मी रजक, रोहित मिश्रा, काशी प्रसाद,मुकेश गहरवार, देवप्रिया एक्का, नेतराम राम करोलिया उमाशंकर सिंह, शैलेंद्र मिश्रा, एसके दुबे,जितेंद्र सेन, मुरारी प्रसाद साहू, गौरीशंकर सोंधिया सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: