26 करोड़ 47 लाख से अधिक के गबन के मामला का पर्दाफास
अंबिकापुर/बलरामपुर। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर की शाखा शंकरगढ़ व कुसमी में पदस्थ अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा आपसी मिलीभगत व कूटरचना करके षड्यंत्रपूर्वक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खोले गए विभिन्न फर्जी बैंक एकाउंट में करोड़ों की रकम ट्रांसफर कर गबन करने एवं वित्तीय अनियमितता के मामले में मुख्य प्रवेक्षक, संस्था प्रबंधक सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया। मामले में अन्य कई फर्जी बैंक एकाउंट एवं व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा बलरामपुर में प्रभारी शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी अरविन्द श्रीवास्तव पिता स्व. राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव 55 वर्ष ने थाना कुसमी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर द्वारा सहकारी बैंक शाखा कुसमी व शंकरगढ़ में की गई अनियिमितता के संबंध में जानकारी दी गई थी। अरविन्द श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया था जनवरी माह में नाबार्ड द्वारा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें सीईओ जनपद पंचायत के शिकायत का उल्लेख करते हुए तीन बैंक एकाउंट में संदिग्ध लेन-देन और बड़ा आर्थिक घोटाला शाखा शंकरगढ़ व कुसमी में होने की संकेत दिया गया था। शिकायत प्राप्त होने के बाद विभाग की ओर से शाखा कुसमी और शंकरगढ़ अंतर्गत समितियों के खातों में हुई अनियमितता की जांच के लिए जांच दल गठित किया गया, किन्तु जांच दल द्वारा जांच नहीं किए जाने से बैंक के सीए नवीन उपाध्याय एण्ड एसोसियट से फ्लैस ऑडिट रिपोर्ट चाही गई थी, प्राप्त फ्लैस ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न बैंक खातों में कुल 23 करोड़ 74 लाख 5 हजार 608 रुपये का वित्तीय अनियमितता किया जाना दर्शाया गया। इसी तारतम्य में 04.02.2025 को जांच दल का गठन किया गया था, जिसने अपना जांच प्रतिवेदन 04.04.2025 को प्रस्तुत किया, जांच प्रतिवेदन के अवलोकन पर सामने आया कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के शंकरगढ़ एवं कुसमी ब्रांच के 03 बैंक एकाउंट में फर्जीवाड़ा, गबन एवं वित्तीय अनियमितता पाई गई है। प्रकरण के आरोपियों को गिरफ्तार करने अलग-अलग पुलिस टीम बनाई गई थी। हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कूटरचना करके आर्थिक अनियमितता करना स्वीकार किया। इन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
बाक्स
जमुना अलंकार सहित अन्य एकाउंट में 40.28 करोड़ से अधिक का स्थानांतरण
शाखा कुसमी अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जमड़ी का अवलोकन करने पर पाया गया कि, एकाउंट का केवाईसी दस्तावेज, एकाउंट ओपनिंग फार्म एवं सिग्नेचर उपलब्ध नहीं हैं। एकाउंट के क्रेडिट एवं डेबिट स्टेटमेंट में बिना किसी वाउचर एवं सहायक दस्तावेज या अधिकार पत्र के 19 करोड़ 24 लाख 13 हजार 880 रुपये का क्रेडिट ट्रांजेक्सन एवं 19 करोड़ 22 लाख 73 हजार 908 रुपये का डेबिट ट्रांजेक्सन किया गया है, जो विभिन्न किसानों के डीएमआर कैस एकाउंट विभिन्न ग्राम पंचायत के खाते एवं समितियों के केसीसी एकाउंट, एमटी लोन एवं गोडाउन लोन एवं निजी बचत खाते और नगद आहरण पाए गए। जो वाउचर उपलब्ध हैं उन सभी में खाता धारक स्थान पर नाम, हस्ताक्षर एवं अगूंठा आदि समिति के अधिकृत अधिकारी के ना होकर अन्य व्यक्तियों के पाए गए। समिति के सहायक प्रबंधक द्वारा भी यह एकाउंट पूर्ण रूप से फर्जी होना एवं एकाउंट के संबंध कोई जानकारी नहीं होना बताया गया। जमुना अलंकार नामक एकाउंट में एन.ई.एफ.टी. ट्रांजेक्शन से कुल 1 करोड़ 82 लाख 2 हजार रुपये का स्थानांतरण किया गया है, जिसमें कुल 52 ट्रांजेक्सन में 44 ट्रांजेक्सन में वाउचर व सहायक दस्तावेजों का अभाव पाया गया।
दस्तावेजों का पता नहीं, हो गया 3.19 करोड़ ट्र्रांजेक्शन
शाखा कुसमी के नरेगा धनेशपुर के एकाउंट का अवलोकन पर केवाईसी सिग्नेचर, एकाउंट ओपनिंग फार्म इत्यादि सीबीएस सिस्टम में उपलब्ध नहीं हैं तथा क्रेडिट एवं डेबिट ट्रांजेक्शन का अवलोकन पर कई ट्रांजेक्सन में वाउचर या सहायक दस्तावेज का अभाव पाया गया एवं जो वाउचर उपलब्ध हैं उन सभी में खाताधारक के स्थान पर नाम हस्ताक्षर एवं अगूंठा आदि नरेगा धनेशपुर के अधिकृत अधिकारी का ना होकर अन्य व्यक्तियों के पाए गए। एकाउंट में कुल 3 करोड़ 19 लाख 21 हजार 966 रुपये का ट्रांजेक्शन पाया गया है।
सीईओ जनपद शंकरगढ़ ने खाता को बताया फर्जी
शाखा शंकरगढ़ के सीईओ जनपद पंचायत शंकरगढ़ के एकाउंट का अवलोकन पर पाया गया कि, इस एकाउंट के केवाइसी दस्तावेज अनुपलब्ध है। क्रेडिट एवं डेबिड ट्रांजेक्शन के अवलोकन पर विभिन्न किसानों के डीएमआर कैश एकाउंट से राशि स्थानांतरित कर कुल 91 लाख 57 हजार रुपये उपरोक्त खाते में जमा किया गया है। जनपद पंचायत शंकरगढ़ के सीईओ ने अपने प्रतिवेदन में कहा है कि यह खाता जनपद पंचायत शंकरगढ़ का नहीं एवं पूर्ण रूप से फर्जी है। उपरोक्त खातों में कुल 23 करोड़ 74 लाख 5 हजार 608 रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई, जो कि गबन करने के आशय से फर्जीवाड़ा कर किया जाना प्रथम दृष्टि में पाया गया है। उपरोक्त जांच के दौरान 13.02.25 के द्वारा विशेष अंकेक्षण हेतु नियुक्त टांक खत्री एण्ड एसोसिएट को नियुक्त कर अंकेक्षण करने हेतु निर्देश दिये जाने पर सी.ए. द्वारा विशेष अंकेक्षण 05.04.2025 को दिया गया, जिसमें पूर्व के जांच किए गए बैंक खातों के अलावा बैंक खाता धारक अशोक सोनी में 1 करोड़ 36 लाख 95 हजार 199.93 रुपये, खाता धारक प्रकाश कुमार सिंह में 46 लाख 44 हजार 841 रुपये तथा खाताधारक सुदेश कुमार यादव में 96 लाख 36 हजार 814 रुपये एवं एन.ई.एफ.टी. महामाया कंस्ट्रक्शन में 30 लाख रुपये का अवैध अंतरण होना पाते हुए 26,47,82,462.93 रुपये की आर्थिक अनियमितता पाई गई है।
आरोपियों ने बैंक को बड़ी क्षति पहुंचाना स्वीकार किया
पुलिस की विवेचना कार्रवाई में सामने आया कि उपरोक्त रकम की हेरा-फेरी बैंककर्मी विकास चन्द पाण्डवी, अशोक कुमार सोनी, एतबल सिंह, विजय कुमार उईके, सबल साय, जगदीश प्रसाद, तबारक अली, लक्ष्मण देवांगन एवं राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय तथा फर्जी खातों के माध्यम से लाभार्थी महामाया कंस्ट्रक्शन, जमुना अंलकार, सुदेश कुमार यादव, प्रकाश कुमार सिंह एवं एक अन्य के अलावा फर्जी खाता नरेगा धनेशपुर, सी.ई.ओ. जनपद पंचायत शंकरगढ़, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जमड़ी शंकरगढ़ के खाता संचालकों के द्वारा आपसी षड्यंत्र रचते हुए फर्जी दस्तावेजों से फर्जी खाता खोलकर, छलपूर्वक किसानों के के.सी.सी. खाता में बैंक की राशि को किसानों के खाता से अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर करोड़ों रुपये की राशि आहरित की गई, जिससे बैंक व शासन को बड़ी क्षति पहुंची है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा बलरामपुर में प्रभारी शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी अरविन्द श्रीवास्तव के लिखित आवेदन पत्र पर थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 39/2025, धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120 बी, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक झा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी इम्मानुएल लकड़ा के नेतृत्व में की गई।
इन आरापियों को दबिश देकर गिरफ्तार की पुलिस
अशोक कुमार सोनी पिता ए.एस. सोनी 56 साल, निवासी शंकरगढ़, सहायक मुख्य प्रवेक्षक.
लक्ष्मण प्रसाद देवांगन पिता स्व. भगवती प्रसाद उम्र 56 साल निवासी मनेन्द्रगढ़, संस्था प्रबंधक.
विजय उइके पिता मंदीप राम 50 साल निवासी लोधी थाना बसंतपुर, संस्था प्रबंधक शंकरगढ़.
तबारक अली पिता स्व. मुबारक अली निवासी लखनपुर, प्रभारी लिपिक.
राजेन्द्र प्रसाद पांडेय पिता विपिन, निवासी डीसी रोड अंबिकापुर, प्रभारी अतिरिक्त प्रबंधक अंबिकापुर.
सुदेश यादव पिता मुनेश्वर यादव 30 साल, निवासी बचवार शंकरगढ़, समिति सेवक शंकरगढ़.
एतबल सिंह पिता. स्व. रामसेवक 69 साल निवासी तुरना आंवराडांड़ दरिमा, सहायक प्रवेक्षक.
प्रकाश कुमार सिंह पिता विगु सिंह 35 वर्ष निवासी शंकरगढ, कम्प्यूटर आपरेटर कुसमी.
जगदीश प्रसाद भगत पिता स्व. अवधेश 50 साल निवासी नीलकंठपुर कुसमी, सहायक लेखापाल.
सबल राय पिता स्व.कमला राम 65 साल निवासी भगवतपुर, शाखा प्रबंधक कुसमी.
विकास चन्द्र पाण्डवी पिता स्व. कालीपद 70 वर्ष निवासी सुभाषनगर अंबिकापुर, पूर्व बैंक कर्मी.

Categorized in: