मजदूरों ने की थी सुरक्षा किट, बीमा व मासिक सैलरी बढ़ाने की मांग


एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंप धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी

भैयाथान। विकासखंड के पासल में स्थित हाइड्रो पॉवर प्लांट में कार्यरत मजदूरों ने कंपनी से सेफ्टी किट, बीमा राशि व मासिक सैलरी बढ़ाने सहित अन्य मांग की, तो कंपनी ने उन्हें कार्य से हटा दिया। इसके बाद मजदूर संगठित होकर अनुविभागीय अधिकारी सागर सिंह के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपे, जिसमें मजदूरों ने बताया है कि हाइड्रो पॉवर प्लांट कंपनी में लगभग छह माह से वे मजदूरी कर रहे हैं। सुरंग के अंदर काम करने के लिए उन्होंने सुरक्षा किट के साथ उचित सैलरी एवं बीमा कराने की मांग कंपनी के अधिकारियों से की, इसके बाद कंपनी के अफसरों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि तुम लोगों को काम करना है तो करो अन्यथा हम झारखंड से मजदूर लाकर काम करा लेंगे। इसके बाद कंपनी के उच्च अधिकारियों ने लगभग 150 स्थानीय मजदूरों को काम करने से मना कर दिया, जिससे क्षुब्ध होकर मजदूर अपनी पीड़ा पत्र के माध्यम से भैयाथान एसडीएम को बताई है और मांगों को तत्काल पूरा कराने व काम में रखने की मांग की है। मजदूरों ने कहा है कि आगामी दिवस अगर उन्हें कार्य पर नहीं लिया जाता है तो सभी मजदूर धरना-प्रदर्शन एवं कंपनी बंद करने हेतु बाध्य होंगे। इस दौरान शिव बालक, सतीश, शिवा यादव, वीरेंद्र कुशवाहा, बाबू खान, सुखनंदन, दामोदर दास, आशीष, राजेश्वर, धनेश्वर राजवाड़े सहित काफी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।
भाजपा नेताओं ने मांगों का किया समर्थन
हाइड्रो पावर कंपनी में कार्यरत स्थानीय मजदूरों को काम से निकालने की जानकारी स्थानीय मजदूरों से भाजपा नेता राजू प्रताप सिंह, सुनील साहू, शांतनु गोयल को मिली तो उन्होंने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मजदूरों के मांग का समर्थन किया और कंपनी के फरमान को हिटलरशाही करार देते हुए कहा कि वे मजदूरों के साथ किसी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर कंपनी समय रहते मजदूरों की मांगों को नहीं मानती है तो वे उनके साथ कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं।

Categorized in: