एक ही परिवार के चार सदस्यों को गंभीर चोटें आई, एक की स्थिति गंभीर


उदयपुर। पुरानी रंजिश पर लाठी-डंडा और लोहे का रॉड लेकर डांडगांव से आए युवकों ने उदयपुर बाजार मुख्य मार्ग में एक घर के सामने जमकर उत्पात मचाते हुए एक ही परिवार के चार लोग पर हमला कर दिया। हमले में एक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर किया।


जानकारी के मुताबिक चार-पांच दिन पूर्व ग्राम डांडगांव में जन्मदिन की पार्टी में उदयपुर के रॉकी राजवाड़े और डांडगांव के राहुल शर्मा के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई। मारपीट के बाद उदयपुर थाना में राहुल शर्मा के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया। इस मामले में समझौता के लिए बातचीत करने राहुल शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ बुधवार को उदयपुर आया था। समझौते की बात हो रही थी, इसी बीच वाद विवाद बढ़ गया और डांडगांव से लाठी-डंडे से लैस होकर आए लडकों ने निहत्था बातचीत कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग सहित उनके तीनों बेटों पर ताबड़तोड़ लाठी-डंडा व रॉड से हमला करना शुरू कर दिया, जिसमें चारों घायल हो गए। घटनास्थल खून से सन गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल बासु राजवाड़े के सिर में कई टांके लगे हैं। अन्य घायलों में हीरासाय राजवाड़े उर्फ गुड्डू का होठ कट गया है और सिर में डंडे से किए गए वार में गंभीर चोटें आई हैं, उंगली में चार टांके लगे हैं। सीताराम राजवाड़े के हाथ, पीठ में लाठी-डंडा और लोहे के हथियार से हमला किया गया है। खेमसाय राजवाड़े 42 वर्ष के पीठ और हाथ-पैर में चोटें आई है। उदयपुर पुलिस ने आहत हीरासाय की रिपोर्ट पर राहुल शर्मा सहित अन्य नामजद आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Categorized in: