अंबिकापुर। कोरोना की तीसरी लहर के साथ ही प्रदेश में कोरोना के केस लगातार हो रहे वृद्धि को ध्यान में रखकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव की पहल व निर्देश पर छत्तीसगढ़ में कोविड महामारी हेतु 119 आक्सीजन जनरेटर प्लांट तैनात किए हैं, जिससे कोविड के मरीजों को तत्काल आक्सीजन की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। राज्य सरकार द्वारा 46 आक्सीजन जनरेटर प्लांटों को विभिन्न अस्पतालों में लगाए जाने के आदेश सीजीएमएससी लिमिटेड को दिए हैं। सीजीएमएससी द्वारा अत्यंत तीव्र गति से प्लांटों की स्थापना का कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार केंद्र सरकार से 49, सीएसआर से 18, सीआरपीएफ हेतु 4 एवं रेलवे हेतु दो आक्सीजन जनरेटर प्लांट की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने सीजीएमएससी के अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया है कि लगातार स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों से संपर्क स्थापित कर समन्वय बना कर शीघ्र कार्य पूर्ण करें ताकि आमजनों को बेहतर सुविधा मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल कालेज एवं जिला अस्पतालों के अलावा हमने बड़ी आबादी से जुड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आक्सीजन जनरेटर प्लांट की स्थापना की है। जिला रायपुर में एम्स एवं मेकाहारा के अतिरिक्त जिला अस्पताल माना, पंडरी, कालीबाड़ी, आयुर्वेदिक कॉलजे, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभनपुर, धरसींवा, गोबरा-नवापारा, तिल्दा, आरंग में भी प्लांट की स्थापना की गई है। इसी प्रकार दुर्ग में जिला अस्पताल दुर्ग के अतिरिक्त पाटन, सुपेला,झिट, चंदू लाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज सहित सरगुजा में जिला अस्पताल अम्बिकापुर, उदयपुर, सीतापुर, सूरजपुर, भैयाथान, बलरामपुर, वाड्रफनगर, बैकुंठपुर, जशपुर, पत्थलगांव, फरसाबहार, बगीचा में भी प्लांट लगाए गए हैं।

Categorized in: