अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष डा.जेपी श्रीवास्तव ने जारी बयान में कहा है कि प्रदेश के शिक्षा मंत्री डा.प्रेमसाय सिंह टेकाम की छवि को धूमिल करने का षड़यंत्र प्रदेश में चल रहा है, जिस पर कठोर कार्रवाई एवं जांच होनी चाहिए। ये कोई राजनीतिक षड़यंत्र तो नहीं है, इसका पर्दाफास होना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश उपाध्यक्ष डा.जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा मंत्री डा.प्रेमसाय सिंह एवं उनके परिवार की छवि खराब करने के उद्देश्य से फर्जी डायरी के रूप में किया गया षड़यंत्र निंदनीय है। विभाग के अधिकारियों के बीच का आपसी द्वंद्व और षड़यंत्र में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री की छवि के साथ खिलवाड़ किया जाना अत्यंत गंभीर विषय है और अक्षम्य कृत्य है। कुछ दिनों से शिक्षा मंत्री की छवि खराब करने का कुत्सित प्रयास चल रहा है। डा.प्रेमसाय सिंह टेकाम अत्यंत मिलनसार, सहज, सरल तथा विनम्र मंत्री हैं। इनकी कार्यशैली अत्यंत शालीन और स्पष्ट है। जिन लोगों ने झूठी डायरी की कूटरचना कर इस तरह का जघन्य अपराध किया है, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि किसी की छवि खराब करने का कृत्य कितना अक्षम्य है। डा.जेपी श्रीवास्तव ने कहा है कि पुलिस द्वारा इस बिंदु पर भी जांच होनी चाहिए कि विभागीय अधिकारियों के अतिरिक्त अन्य कोई राजनैतिक षड्यंत्रकारी भी तो इसमें शामिल नहीं है। कहीं किसी राजनैतिक लाभ के लिए किसी अन्य राजनीतिक दल के लोगों का भी हाथ तो इस षड़यंत्र में नहीं है। छत्तीसगढ़ के लोग तथा सभी कांग्रेसजन मंत्री डा.प्रेमसाय सिंह के कार्यशैली और व्यक्तित्व से परिचित हैं। शालीन एवं ईमानदार व्यक्ति के विरुद्ध षड़यंत्र किया जाना चिंता का विषय है। इसकी हर बिंदु पर गहन जांच होनी चाहिए। आपराधिक कृत्य में संलिप्त हर व्यक्ति पर कठोर से कठोर वैधानिक कार्रवाईहोनी चाहिए।

Categorized in: