रामानुजनगर। ग्राम पतरापाली निवासी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुनेश्वरपुर में अध्ययनरत छात्रा सौम्या दुबे ने कक्षा 10 वीं की परिक्षा में 91.5 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल व विकासखण्ड में पांचवा स्थान हासिल कर पूरे गांव को गौरवान्वित किया है। सौम्या नाम के अनुरूप स्वभाव से भी सौम्य है और वह पढ़ाई करने के अलावा गीत संगीत के क्षेत्र में काफी रूचि रखती है। सौम्या ने परिक्षा परिणाम को लेकर चर्चा करते हुए बताया कि परिणाम से वह खुश है। और भविष्य की तैयारियों में वह अभी से ही जुट गई है। सौम्या दुबे ने बताया कि जब वह परिक्षा देने जाती थी तो प्रश्नपत्र में जितने भी प्रश्न होते थे वह सभी का उत्तर जानती थी परन्तु किसको पहले लिखें किसे बाद में लिखें इस विचार में कुछ समय बीत जाता था इसलिए कुछ नंबर कट गया। सौम्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरू जनों तथा माता पिता को दिया है। सौम्या के पिताजी ब्रह्मानंद दुबे प्रायमरी स्कूल के शिक्षक हैं और वे अपनी बेटियों की पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर रहते हैं। अपेक्षानुरूप बेटी के इस प्रदर्शन से परिवार में खुशी का माहौल है।
