ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे द्वारा प्राणघातक हमला करने से ईलाज के दौरान सुमित शर्मा की हुई मौत

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र जनकपुर की राजनीति गरमा गई है । जनकपुर के सुमित शर्मा हत्याकांड मामले में जनकपुर पुलिस ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर के अध्यक्ष के पुत्र व अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है । मामले में मिली जानकारी के अनुसार जनकपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह के बेटे शैलेंद्र सिंह उर्फ छोटू द्वारा बीते 28 मार्च 2023 को सुमित शर्मा पर प्राणघातक हमला किया गया था। घायल सुमित शर्मा को लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में उपचार हेतु लाया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविप्रताप सिंह के बेटे शैलेंद्र सिंह के हमला से गम्भीर चोटें आने पर सुमित शर्मा को मेडिकल कॉलेज शहडोल, मध्यप्रदेश रिफर किया गया। घटनाक्रम में भूचाल तब आया,जब 6 दिन लगातार ईलाज के बाद 2 अप्रैल 2023 को शहडोल रिफर किया गया जहां पर आहत युवक सुमित शर्मा की मृत्यु हो गई। मृतक ने इससे पूर्व ही सम्पूर्ण घटनाक्रम का वीडियो जारी कर बताया था कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह के बेटे शैलेंद्र सिंह के प्राण घातक हमले से वह आहत हुआ है।मृत्यु के खबर से समूचा जनकपुर क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई, लोगों में भी भय व्याप्त है। घटना की ख़बर लगते ही छग शासन की पूर्व संसदीय सचिव व भरतपुर सोनहत की पूर्व विधायक चम्पादेवी पावले मृतक परिवार से मिलकर ढाढस बंधाने पहुंची, इस दौरान मृतक का परिवार ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह के बेटे शैलेंद्र सिंह ने 28 मार्च 2023 को उनके बेटे सुमित शर्मा को प्राणघातक हमला किया । ईलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर के सम्बन्धित चिकित्सक ने भी  ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह के सत्ताधारी दल का होने के कारण थाने को सूचना नही दी । जिसके संबंध में भी लिखित शिकायत मृतक की मां ने थाना प्रभारी जनकपुर को सौंपी थी।वहीं दुर्भाग्य की बात है कि भारी गैंगवार की घटना घटने के बाद भी सात दिन उपरांत भी घटना स्थल के संबंधित थाना जनकपुर में एफ आई आर दर्ज नही किया गया था । इसका प्रमुख कारण आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ छोटू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह का बेटा है। जिसके पहुंच के आगे प्रशासन बौना साबित होता नजर आ रहा है। सम्पूर्ण घटनाक्रम को सुन व्यथित मन से पूर्व संसदीय सचिव चम्पादेवी पावले ने मृतक के परिजनों के साथ भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंकित शर्मा सहित तीन दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थाना जनकपुर पहुंची एवम् तत्काल एफ आई आर की मांग करते हुए आरोपी को 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तारी की मांग की। अन्यथा चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आरोपी सत्ताधारी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह के बेटे शैलेंद्र सिंह की गिरफ़्तारी नही हुई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। पूर्व संसदीय सचिव चम्पादेवी पावले ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि छग प्रदेश में जब से कांग्रेस काबिज हुई है व भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र में जब से विधायक गुलाब कमरो विधायक निर्वाचित हुए हैं तब से विधायक गुलाब कमरो के सह पर उनके कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा कभी पंचायत सचिव की जान ले लेते हैं तो कभी किसी की मांग की सिंदूर पोंछ कर सीईओ के गेट पर टांग दिया जाता है। तो अब युवक सुमित शर्मा को मार मार कर प्राण ले लिया गया। तो वहीं विधायक गुलाब कमरो के विधायक प्रतिनिधि द्वारा दाह संस्कार में शामिल होने पर उनके परिजनों को थप्पड़ जड़ दिया जाता है। पूर्व संसदीय सचिव चंपा देवी पावले के चेतावनी से जनकपुर पुलिस आनन-फानन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के बेटे शैलेंद्र कुमार सिंह व कृष्ण कुमार मिश्रा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर भादवि की धारा 302, 34 के तहत मामला कायम कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है । वही भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरों ने मृतक के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है । विधायक कमरो ने कहा है कि आरोपी किसी भी दल का हो किसी भी विशेष व्यक्ति से संबंधित हो उसके खिलाफ कानून अपनी कार्यवाही करेगा ।

Categorized in: