पुलिस ने घर में घुसकर भयादोहन करने वाले दो आरोपियों के अलावा सिक्सर बेचने वाले को भी जेल भेजा

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। लड़की से शादी करने के लिए दबाव बना घर में घुसकर मारपीट एवं सिक्सर दिखाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं आरोपियों को सिक्सर मुहैया कराने, बेचने के मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस गिरफ्तार की है। सभी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त सिक्स राउंड पिस्टल एवं दुपहिया वाहन जप्त किया है।
पुलिस ने बताया घटना दिनांक दो फरवरी को सीतापुर के परवेज कुरैसी ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि सैयद निशाद द्वारा शादी की बात को लेकर आवेश में आ गया और अपने एक साथी के साथ उसकी अनुपस्थिति में घर में घुसकर वाद-विवाद करते हुए मारपीट करने लगा। जब वह घर पहुंचा और इनकी हरकत पर आपत्ति किया तो सिक्सर दिखाते हुए उसकी बहन से जबरदस्ती शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा। इस बीच मौका देख स्वजनों ने सैयद निषाद उर्फ आर्या खान को पकड़ लिया, उसका साथी शाहिद अंसारी मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंची और सीतापुर निवासी सैयद उर्फ आर्या खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरूद्ध पुलिस ने धारा 294, 323, 506, 458, 34 भादवि, 25, 27 आम्र्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, सहायक उप निरीक्षक शिवचरण साहू, अलंगो दास, बीएम सिंह, प्रधान आरक्षक रामबच्चन, आरक्षक संजय एक्का, एहसान फिरदौशी, धनेश्वर यादव, सहायक आरक्षक जोगी बड़ा शामिल रहे।
फरार आरोपी व सिक्सर उपलब्ध कराने वाले को घेराबंदी कर पकड़ी पुलिस
पुलिस टीम ने घटना के बाद फरार आरोपी शाहिद अंसारी निवासी अंबिकापुर को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को सिक्सर अंबिकापुर के ही अर्जुन गिरी उर्फ उमेश गिरी ने उपलब्ध कराया है। पुलिस ने उसे भी घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की तो उसने सैयद निषाद उर्फ आर्या खान को सिक्सर मुहैया करना स्वीकार किया।
आईजी के निर्देश पर टीम गठन
महिलाओं के आत्मसम्मान की सुरक्षा के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में शादी के लिए गलत तरीके से दबाव बनाने और पूरे परिवार को सिक्सर दिखाकर दहशत में डालने के मामले को पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने गंभीरता से लिया था और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता को फरार आरोपी का तत्काल पता लगाने व आरोपियों के पास सिक्सर कहां से आया, इसके तहत तक पहुंचने के लिए कड़ी पूछताछ करने के लिए विशेष टीम को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर ध्रुवेश जायसवाल के नेतृत्व में थाना प्रभारी सीतापुर उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह को विशेष टीम का नेतृत्वकर्ता बना टीम को फरार आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। टीम फरार आरोपी की तलाशी में घटना के बाद से ही जुट गई थी।

Categorized in: