पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने 30 किमी पीछा कर खींची दोनों बदमाशों व बाइक नंबर की फोटो
अंबिकापुर
– सरगुजा जिले के मैनपाट कमलेश्वरपुर में स्थित पेट्रोल पंप से दिनदहाड़े दो बदमाश पंपकर्मी को चकमा देकर 30 हजार रुपये लेकर भाग निकले। पंप कर्मियों ने रुपये गायब देख बाइक से बदमाशों का पीछा किया। 30 किलोमीटर तक पीछा करते उन्होंने मोबाइल से आरोपियों की तस्वीर व बाइक नंबर की फोटो खींची। इधर आरोपी तेज रफ्तार में ओझल हो गए। पेट्रेाल पंप के कर्मचारियों ने वापस लौटकर मामले की सूचना पेट्रोल पंप के संचालक को दी। रिपोर्ट व फोटो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है, आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मैनपाट, कमलेश्वरपुर में संचालित रितिष पेट्रोल पंप में बुधवार की शाम करीब चार बजे बाइक सवार दो लोग पहुंचे और पंप के कर्मचारी से कहा कि वे सुबह पेट्रोल भरवाने आए थे, इस दौरान उन्होंने सिंदूर लगा नोट उन्हें दे दिया था। उन्होंने उक्त नोट को मांगा। बाइक सवारों की बात सुनकर पंप कर्मी ने सुबह हुई बिक्री के नोट का मिलान शुरु किया। सिंदूर लगा नोट नहीं मिलने पर बाइक सवार दोनों व्यक्ति वहां से चले गए। इधर पंप के कर्मचारी ने देखा कि वह जो रुपये रखा था, वहां से गायब थे, वहीं मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति रुपये लेकर फरार हो चुके थे। इसके बाद पंप के कर्मचारियों ने बाइक से दोनों का पीछा किया। करीब 30 किलोमीटर पीछा करने के बाद दोनों व्यक्ति दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम करजी के पास दिखाई दिए। इस दौरान पंप के कर्मचारियों ने मोबाइल में उनकी फोटो खींच ली और बाइक नंबर को कैद कर लिया। वे इन्हें कब्जे में लेने में सफल हो पाते, इसके पहले पंप के कर्मचारियों की नजरों से दोनों ओझल हो गए। पंप संचालक ने आरोपियों सहित बाइक क्रमांक एमपी 04 क्यूएफ 8960 की खींची गई तस्वीर को पुलिस को दिया है। पुलिस के मुताबिक वाहन भोपाल के मो.नसीम के नाम पर पंजीकृत है। फोटो के आधार पर आरोपियों की खोजबीन में पुलिस लगी है।

Categorized in: