लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने निष्पक्ष व निर्भीक मतदान करने ली गई शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

अंबिकापुर– भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वीप के तहत बुधवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरबी घोरे के मुख्य आतिथ्य में पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थितजनों को लोकतांत्रिक, परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से निर्भीक होकर सभी निर्वाचनों में मतदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेबल के अधिकारी, नोडल प्राध्यापक, कैंपस एंबेसडर व रोको अऊ टोको टीम के सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरबी घोरे ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण दिवस है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी निर्वाचनों में मतदान मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। प्रतिनिधि चुनने में सूझ-बूझ और सावधानी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मतदान के जरिए अपनी पसंद व नापसंद का इजहार कर सकते हैं। हमारा संविधान मतदान के माध्यम से राजनीतिक प्रक्रिया में भाग लेने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए स्वयं को आगे आना होगा। अधिकारों का उल्लंघन हुआ हो तो उसे प्राप्त करने के लिए भी आगे आना होगा। उन्होंने कहा नेशनल लोक अदालत में राजीनामा के माध्यम से कई प्रकरणों का निपटारा आसानी से कराया जा सकता है। नेशनल लोक अदालत का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा राष्ट्रीय मतदाता दिवस मतदाताओं के लिए मनाया जाता है। इस दिन मतदान के महत्व तथा लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संविधान द्वारा दिए गए मतदान का अधिकार सभी को प्रयोग करना चाहिए और मतदान के लिए लोगों को जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा जिले में करीब 27 हजार नए इपिक कार्ड बनाए गए हैं। इसी प्रकार 1100 विशेष पिछड़ी जनजातिय लोगों का इपिक कार्ड बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा मतदान का अधिकार पाने के लिए देशवासियों को कड़ा संघर्ष और आंदोलन तक करना पड़ा है। इस अधिकार की महत्ता को समझने की जरूरत है। आने वाले सभी निर्वाचनों में शत-प्रतिशत मतदान करें और लोगों को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, नगर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई, डीएफओ पंकज कमल, एसडीएम शिवानी जायसवाल, तहसीलदार भूषण सिंह मंडावी, जिला आइकॉन सहायक प्राध्यापक डॉ.नीरज वर्मा, संजय सुरीला, स्वीप के सहायक जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता सहित प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Categorized in: