आरोपितों ने चोरी की मोबाइल को ईंट भट्ठा के पास रखा था छुपाकर
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के भैयाथान-ओड़गी रोड में स्थित आशु इलेक्ट्रानिक्स में 3 मार्च की दरम्यिानी रात साढ़े छह लाख रुपये की मोबाईल, स्मार्ट वॉच और इयर बर्ड्स की चोरी के मामले में झिलमिली भैयाथान थाने की पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, दो फरार हैं।
पुलिस ने बताया बीते तीन मार्च को ओड़गी निवासी हिमांशु गुप्ता ने थाना झिलमिली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके आशु इलेक्ट्रानिक्स नामक दुकान से चोरों ने 44 नग मोबाइल, 5 स्मार्ट वॉच और 1 इयर बर्ड्स चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर पुलिस अपराध क्रमांक 34/22 धारा 457, 380 भादवि कायम कर जांच में ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को चोर को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना झिलमिली की पुलिस नई तकनीक की मदद से अज्ञात चोर की पतासाजी में लगी थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना मिली कि ग्राम करकोटी में एक व्यक्ति चोरी की मोबाइल बेचने की फिराक में है। पुलिस ने उसे पकड़ा और पूछताछ की तो कमल उर्फ राहुल ने बताया कि तीन मार्च को वह अपने साथी मुकेश बंजारे, ओम प्रकाश व दो अन्य के साथ आशु इलेक्ट्रानिक्स की दुकान का ताला तोड़कर उसके अंदर रखे मोबाईल, स्मार्ट वॉच, इयर बर्ड्स को चोरी करके करकोटी स्थित अपने ईंट भट्ठा के पास छुपाकर रखा था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने 34 नग मोबाइल, 03 नग स्मार्ट वॉच कुल कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये एवं ताला तोड़ने में प्रयुक्त सब्बल जप्त कर आरोपित कमल उर्फ राहुल पिता अर्जुन राम (19) वर्ष निवासी ग्राम करकोटी, मुकेश बंजारे पिता गनी राम (21) सा. लखनपुर, थाना झिलमिली एवं ओमप्रकाश पिता लालसाय (19) सा.केवरा, थाना झिलमिली को गिरफ्तार किया। आरोपितों ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल को बेचने के लिए जसपाल उर्फ बंटी पिता करमचंद (19) निवासी केशवनगर एवं उमाशंकर पिता महेश लाल (19) निवासी तिलसिवां को दिए थे। पुलिस ने चोरी का एक मोबाइल जप्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों आरोपितों ने चोरी के पूरे मोबाइल को बेचने का जिम्मा लिया था। मामले में दो आरोपित फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। कार्यवाही में थाना प्रभारी झिलमिली बसंत खलखो, एएसआई धनेश्वर कुशवाहा, प्रधान आरक्षक हेमन्त सोनवानी, हितेश्वर राजवाड़े, आरक्षक दिनेश ठाकुर, दिलपाल कसेरा, युवराज यादव, रौशन सिंह, चंद्रदेव मरावी, अचल गुप्ता, महेश सिदार, रामदयाल राठिया व सैनिक नरेन्द्र मरावी सक्रिय रहे।

Categorized in: