छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अल्पवर्षा प्रभावित जिलों में वर्षा के आंकलन व राहत कार्य की समीक्षा की। बैठक में कमिश्नर व कलेक्टर तथा संबंधित विभाग के अधिकारी जुड़े थे। श्री जैन ने सभी जिलों में वर्षा की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में उतरें। खेतों में वर्षा की स्थिति का नजरी आंकलन करना तत्काल प्रारंभ करें। उन्होंने कहा अधिकारी क्षेत्र के किसानों से बात करें। किसानों की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के कार्यों में तेजी लाएं। मनरेगा में हितग्राही मूलक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार जारी रखें। बारिश के कारण कार्य नहीं रुकने चाहिए। तालाब नहरों में जलभराव के उपाय करें। वर्षा के जल का संचयन आवश्यक है। कमिश्नर जीआर चुरेंद्र ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सरगुजा में अल्पवर्षा वाले स्थानों में लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों को अधिक से अधिक मनरेगा से जोड़कर कार्य उपलब्ध करा रहे हैं। तालाब नहर को रिचार्ज करने के साधनों को अपना रहे हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया सभी तहसीलों में राजस्व के अधिकारी वर्षों का आंकलन कर रहे हैं। सबसे कम बारिश वाले तहसील में मनरेगा से अधिकाधिक से अधिक कार्य शुरू किए जा रहे हैं। नहर किनारे के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बांधों से पानी देने की व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने एसडीएम, तहसीलदार तथा मनरेगा के अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक लेकर अल्प वर्षा वाले क्षेत्रों में मनरेगा कार्य मे प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारी से फील्ड में जाकर वर्षा का आंकलन करने कहा है। सबसे कम बारिश लुंड्रा तहसील में हुई है। दरिमा, बतौली, मैनपाट सीतापुर में भी कम बारिश हुई है। उन्होंने कहा सभी एसडीएम शासन के राहत मैनुअल का अध्ययन करें और निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। सभी ग्राम पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा हितग्राही मूलक कार्य शुरू करने और अधिक श्रमिकों को काम देने कहा गया है। इस कार्य में कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह सहित राजस्व, कृषि, उद्यानिकी व जल संसाधन विभाग के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े थे।
सहकारी समितियों में ड्यूटी देंगे आरआई, पटवारी-
कलेक्टर ने कहा कि सहकारी समिति प्रबंधकों की हड़ताल में सभी समिति समय पर खुले रहना चाहिए एसडीएम सभी समितियों में आरआई व पटवारियों की ड्यूटी लगाएं। खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता है, ऐसे में किसानों को खाद-बीज की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
सरगुजा जिले में अब तक 226.2 मिमी औसत वर्षा
सरगुजा जिले में एक अगस्त 2022 तक 226.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक जून से एक अगस्त 2022 तक तहसील अंबिकापुर में 289.2 मिलीमीटर, दरिमा में 183.5 मिमी, लुंड्रा में 101.3 मिमी, सीतापुर में 239.2 मिमी, लखनपुर में 337.6 मिमी, उदयपुर में 247 मिमी, बतौली में 148 मिमी एवं मैनपाट में 263.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है। एक अगस्त को तहसील सीतापुर में 14.5, बतौली में 2.3 मिमी एवं मैनपाट में 0.7 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है। इस दिन जिले में 2.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है।

Categorized in: