बिश्रामपुर। शिकायत के बाद सड़क निर्माण कार्य की जांच के नाम पर लीपापोती किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों पर भी कार्यवाही की मांग की गई है। गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार भैयाथान ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत सुदामानगर से बतरा खुरशियापारा तक करीब छह करोड़ रुपए की लागत से पहुंच मार्ग हेतु सड़क निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य में विभागीय अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग के अभाव में ठेकेदार द्वारा अमानक स्तर का कार्य कराकर शासकीय राशि का बंदरबांट किए जाने की बात कहते हुए पिछले दिनों ग्रामीणों द्वारा क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अलावे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर घटिया मटेरियल के सड़क निर्माण कार्य की जांच कराकर कार्यवाही करते हुए निर्धारित क्वालिटी का सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत उपरांत दो बार जिला स्तर के अधिकारियों की टीम द्वारा मौका जांच किया गया, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किए जाने से ठेकेदार द्वारा पुनः सड़क निर्माण में डस्ट मिट्टी मिलाकर गिट्टी के ऊपर डाला जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा सतत मॉनिटरिंग के अभाव में लोगों को यहां पर बेहतर सड़क सुविधा नहीं मिलता दिखाई पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में यदि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ अविलंब उचित कार्यवाही करते हुए सड़क निर्माण कार्य की गुणवता में सुधार नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी मजबूरन आंदोलन करने बाध्य होंगे।इस संबंध में सब इंजीनियर पंकज सिन्हा ने बताया कि कुछ लोगों ने शिकायत की है कि डस्ट की बजाए मुरूम डलवाया जा रहा है, इस पर जांच में पाया गया कि सुरजपुर की डस्ट मिट्टी जैसी ही दिखती है, इससे लोगों को मुरूम की आशंका हुई है। सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित क्वालिटी के अनुसार ही ठेकेदार द्वारा कार्य कराया जा रहा है। पुनः आरोप लगा रहे हैं तो मैं जल्द ही मौके का निरीक्षण कर लूंगा।

Categorized in: