बलरामपुर झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी मेंआज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही एक रिजर्व स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज और पिपरसोत गांव से यात्रियों को लेकर सगाई कार्यक्रम में शामिल होने लोग थशजा रहे थे ओरसा घाटी के घुमावदार और ढलान वाले रास्ते पर पहुंचते ही बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क किनारे सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आई हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले राहत कार्य में जुट गए। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट किया गया। महुआडांड़, और नेतरहाट और छत्तीसगढ़ से एंबुलेंस के साथ चिकित्सा दल मौके पर पहुंचा।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि करीब 30 से अधिक घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। सभी की चिकित्सकीय जांच के बाद ही मृतकों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। फिलहाल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Categorized in: