नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक रतना सिंह ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

मनेन्द्रगढ (एमसीबी)। जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रतना सिंह ने रविवार को छठ महापर्व के अवसर पर शहर एवं आसपास के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर की गई सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्था संबंधी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छठ पर्व आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि घाटों पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था रहे। भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाए तथा ड्रोन कैमरे एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की सफाई व्यवस्था, रौशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा मार्गों की स्थिति भी देखी। उन्होंने नगर पालिका और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सहायता केंद्र की व्यवस्था रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इस अवसर पर नगर निरीक्षक सुनील तिवारी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नगर पालिका प्रतिनिधि, होमगार्ड एवं राजस्व अमला भी उपस्थित रहा। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी ड्यूटी की जानकारी ली और उन्हें पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की और कहा कि इस बार छठ पूजा के आयोजन में व्यवस्था और सुरक्षा दोनों ही बेहतर दिखाई दे रही हैं। लोगों ने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय माहौल में संपन्न होगा।

Categorized in: