प्रशासन, कृषि और पुलिस विभाग की टीम ने दबिश देकर की संयुक्त कार्रवाई
अंबिकापुर। नकली खाद के बाद शहर के गंगापुर इलाके में संचालित नकली बीज की फैक्ट्री में प्रशासन व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान यहां भारी मात्रा में धान व मक्के के नकली बीज मिले हैं।
प्रशासन व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर के गंगापुर तुलसी चौक के पास स्थित नकली बीज की फैक्ट्री में छापामार कार्रवाई की। अंबिकापुर तहसीलदार उमेश बाज के नेतृत्व में कृषि विभाग व गांधीनगर पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि धान लोड ट्रक को अनलोड किया जा रहा था। टीम जब फैक्टरी के भीतर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। फैक्ट्री में कई मशीनें लगी हुई थीं और भारी मात्रा में धान व मक्का के बीच रखे हुए थे। फैक्ट्री में धान व मक्का के नकली बीज की पैकिंग बकायदा मशीन से की जा रही थी। फैक्ट्री संचालक का नाम इंद्रजीत बताया जा रहा है, उसके द्वारा अलग-अलग कंपनियों के नाम से धान व मक्का के बीज की पैकिंग कराई जा रही थी। धान व मक्का के बीज को आकर्षक बनाने के लिए कलर भी रखे गए थे। फैक्ट्री में मिले बीज के पैकेटों में मोर्विकोर्प साइंस प्राइवेट लिमिटेड लिखा हुआ है। धान व मक्के के बीच में ज्वाला गोल्ड, प्रिया गोल्ड, लीला गोल्ड, आर्या गोल्ड समेत अन्य नामों का लेबल लगा हुआ था। फैक्ट्री संचालक द्वारा विभिन्न नामों से नकली बीज का पैकेट तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

Categorized in: