बिश्रामपुर। छतीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में नगर के एक गरीब परिवार के छात्र नीरज शर्मा ने टॉप टेन में नौवां स्थान प्राप्त कर गौरवान्वित किया है। ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर में संचालित स्वामी विवेकानंद स्कूल के कक्षा 12 वीं वाणिज्य संकाय के छात्र नीरज शर्मा पिता कृष्णा शर्मा ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में 500 के पूर्णांक में 476 अंक अर्जित कर 95.2 प्रतिशत के साथ टॉप टेन में नौवां स्थान प्राप्त किया है। आरंभ से मेघावी छात्र नीरज शर्मा दो भाई एक बहन हैं, बहन अंशु बड़ी है जो बीएससी द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रही है। नीरज के बाद एक छोटा भाई है जो कक्षा दसवीं में अध्ययनरत है। नीरज ने दसवीं कक्षा में 89 प्रतिशत अंक अर्जित कर मेरिट में स्थान पाया था। नीरज आगे चलकर सीए बनने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नीरज वर्तमान में अपने गृहग्राम बिहार औरंगाबाद में गर्मी छुट्टी मनाने सपरिवार गया है।नीरज को जब उसके टॉप टेन में स्थान मिलने की जानकारी मीडिया से प्राप्त हुई, तो उसके व परिवारजन में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने अपने सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों सहित विषय शिक्षक राजकुमार रवि को दिया है। नीरज के पिता कारपेंटर हैं और उनकी फर्नीचर बनाने की दुकान है, जो उन्होंने किराए पर ले रखी है।सूरजपुर जिले से ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर निवासी छात्र नीरज शर्मा को टॉप टेन में स्थान मिलने से पूरा जिला गौरवान्वित हुआ है।

Categorized in: