शिवप्रसादनगर समिति के जिम्मेदार नियम विरूद्ध कर रहे कार्य, कलेक्टर से शिकायत

भैयाथान। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति शिवप्रसादनगर के प्रभारी समिति प्रबंधक व प्राधिकृत अधिकारी पर नियम विरुद्ध कार्य करने की शिकायत वसीम अकरम ने कलेक्टर से की है। उन्होंने शिकायत में बताया है कि शिवप्रसादनगर सहकारी समिति की प्रभारी प्रबंधक साधना कुशवाहा व प्राधिकृत अधिकारी अजीत सिंह हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में विभागीय सेवा नियमावली के विरुद्ध समिति में कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। धान गबन के आरोप में निलंबित कर्मचारी को पुन: बहाल कर समिति में नियुक्त कर दिया गया है। विभागीय सेवा नियम का हवाला देते हुए पूर्व में समिति में कार्यरत आवेदक वसीम को सेवा से विमुक्त किया जा चुका है, जिसने बहाली की मांग की है। आरोप है कि सेवा नियम के विपरीत मन्नूलाल पिता राजेन्द्र की नियुक्ति की गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए। वसीम ने शिवप्रसादनगर समिति अंतर्गत दुधारू पशु के नाम पर करोड़ों के ऋण वितरण में एक ही परिवार के कई सदस्यों के नाम शामिल होने का आरोप लगाया है। इसके पहले पशु किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर अनियमितता को लेकर बीते 11 अक्टूबर को जनदर्शन में सोनपुर समिति अंतर्गत के किसानों ने कलेक्टर से शिकायत की है, जिसकी जांच अभी लंबित है। पशु किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर जमकर गोलमाल का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच करने की मांग कलेक्टर से की गई है।
दोषी कर्मचारियों के भरोसे सहकारी समिति
सूत्रों का कहना है कि वर्ष 2019-20 में धान खरीदी के दौरान प्रभारी रहते हुए साधना कुशवाहा जो वर्तमान में सोनपुर समिति में बतौर समिति प्रबंधक व शिवप्रशादनगर में प्रभारी प्रबंधक हैं, पर लाखों के धान शार्टेज का आरोप लग चुका है, जिस पर एक वर्ष पूर्व जिला प्रशासन व विभागीय कार्यालय के द्वारा कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जा चुका है, परंतु अधिकारियों की मिलीभगत से एक वर्ष बाद भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन
इस संबंध में किसान कल्याण संघ के प्रदेश महामंत्री सुनील साहू ने कहा कि करोड़ों के फसल बीमा घोटाले के बाद शिवप्रसादनगर समिति से पशु किसान क्रेडिट कार्ड ऋण के नाम पर एक बड़ा घोटाला सामने आ रहा है, जिसकी शिकायत किसानों ने कलेक्टर से की है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों के साथ आंदोलन करेंगे।
किसान मोर्चा भी कार्रवाई के पक्ष में
भाजपा जिला किसान मोर्चा के महामंत्री कपिल पांडेय ने कहा कि जिले के विभिन्न सहकारी समितियों से अलग-अलग विषयों पर शिकायत प्राप्त हुई है। इस संबंध में जिले के कलेक्टर से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग करेंगे। कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा किसान मोर्चा उग्र प्रदर्शन करेगा।

Categorized in: