बलरामपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़कीमहरी निवासी प्रमिला देवी का शव शनिवार की सुबह राजा पहाड़ जंगल में पेड़ से लटका मिला। प्रमिला देवी शुक्रवार की सुबह अपने घर से लापता हो गई थी, परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।
जानकारी के अनुसार प्रमिला देवी का पति नंदल अपनी पत्नी और लगभग दो माह के शिशु को इलाज के लिए अंबिकापुर लेकर गया था। इस दौरान प्रमिला देवी की मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी, इसके चलते वह स्वजन को फोन करके बुलाया। गुरुवार की रात ही परिवार सहित वह अपने गांव बड़कीमहरी लौट गया। शुक्रवार की सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच प्रमिला देवी अचानक घर से निकल गई, इसके बाद नहीं लौटी। स्वजन और ग्रामीण पूरे दिन उसे तलाशते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
लकड़ी लेने गई महिलाओं ने देखा
शनिवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं लकड़ी लेने जंगल गईं, उन्होंने प्रमिला देवी का शव राजा पहाड़ में पेड़ से लटका देखा। महिलाओं ने तुरंत गांव में इसकी सूचना दी, इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे दर्दनाक दृश्य यह था कि प्रमिला देवी का लगभग दो माह का एक मासूम बच्चा अपनी मां को खो चुका था, यह देखकर पूरा गांव रो पड़ा।

Categorized in: