कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदियों को यूजर चार्ज लेने करनी पड़ती है मशक्कत

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। स्वच्छता दीदियों के भरोसे अंबिकापुर नगर निगम का पिछले कई वर्षों से देश ही नहीं विदेशों में भी डंका बज रहा है। प्रत्येक वर्ष स्वच्छ शहर के नाम से पहचाना जाने वाला अंबिकापुर किसी और नहीं बल्कि स्वच्छता दीदियों की ही देन है। इनकी मेहनत के भरोसे ही नगर निगम हर वर्ष सफाई के क्षेत्र में अव्वल आ रहा है। वहीं स्वच्छता दीदियों की इस काबिले तारीफ कार्य के प्रति नगर के लोग उदासीन हैं। नगर वासियों द्वारा दिए जाने वाले यूजर चार्ज के भरोसे ही इनका घर-परिवार चलता है। वहीं शहरवासी यूजर चार्ज देने के प्रति रूचि नहीं दिखा रहे हैं। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत लगभग 26 लाख से ज्यादा यूजर चार्ज बाकी है। यूजर चार्ज वसूलने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा टीम का गठन भी किया गया है लेकिन टीम को यूजर चार्ज वसूलने में पसीने छूट रहे हैं। वहीं यूजर चार्ज न देने वाले सड़क पर कचरा फेंक कर शहर की सुंदरता और स्वच्छता पर कालिख पोतने का काम कर रहे हैं।
470 स्वच्छता दीदियों कर रही कचरा संग्रहण-
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के 48 वार्डों से कचरा संग्रहण का कार्य किया जा रहा है, इसमें 18 एसएलआरएम सेंटर हंै। कचरा कलेक्शन के कार्य के लिए 470 स्वच्छता दीदियां दिन-रात मेहनत कर रहीं हैं। इसके बावजूद शहर के लोग यूजर चार्ज देने में उदासीनता बरत रहे हैं। यूजर चार्ज के भरोसे ही 470 स्वच्छता दीदियों के मानदेय का भुगतान किया जाता है। अगर शहर के लोग समय पर यूजर चार्ज न दें तो शहर को स्वच्छ रखने वाली स्वच्छता दीदियों का घर-परिवार कैसे चल पाएगा, इसकी चिंता हर किसी को होनी जरूरी है।
50 रुपये से पांच हजार तक है यूजर चार्ज-
शहर के हर-गली मोहल्लों से स्वच्छता दीदियों द्वारा प्रतिदिन कचरे का कलेक्शन किया जाता है। ठंडी हो या तेज बारिश इन परेशानियों के बीच स्वच्छता दीदियां घर-घर जाकर कचरा कलेक्शन करतीं हैं। इसके एवज में यूजर के रूप में घरों से 50 रुपए व कामर्शियल चार्ज अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। इसमें 50 से लेकर पांच हजार रूपये तक का यूजर चार्ज वसूला जाता है।
किराए में रहने वालों से ज्यादा परेशानी-
बताया जा रहा है कि मकान कई मालिक जो अपने मकानों को किराए पर लगाए हैं, उनके यहां रहने वाले किराएदार कुछ दिन मकानों में रहने के बाद खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट हो जाते हैं। इस स्थिति में यूजर चार्ज काफी पेंडिंग रह जा रहा है। ऐसे में निगम प्रशासन अब मकान मालिकों से यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी में है।
एक लाख रुपये से अधिक की वसूली-
26 लाख रुपये से ज्यादा यूजर चार्ज पेंडिंग होने की जानकारी पर नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है और स्वच्छता दीदियों की मदद से टीम गठित कर वसूली का अभियान चला रहा है। इस अभियान में अब तक एक लाख रुपये से ज्यादा यूजर चार्ज वसूला जा चुका है। वहीं सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Categorized in: