रामगढ़ मंदिर से मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहा था परिवार

अंबिकापुर। बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के बाद रामगढ़ से वापस लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन रविवार की रात अंबिकापुर-बिलासपुर, नेशनल हाइवे में तेज रफ्तार में खड़े ट्रेक्टर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पिकअप में 12 महिला-पुरुष सवार थे, जो घायल हो गए। घायलों को रविवार को देर शाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है, यहां एक महिला को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, एक महिला का हाथ कटकर अलग हो गया है। गंभीर स्थिति में उक्त महिला को चिकित्सक ने रायपुर रेफर कर दिया है, 10 घायलों का इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजुपर जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम केंवरा निवासी हिमालय के बच्चे का रविवार को मुंडन संस्कार होना था। इसमें शामिल होने के लिये रिश्तेदार सहित गांव के लोग काफी संख्या में दो पिकअप वाहन में सवार होकर सरगुजा जिले के उदयपुर थाना अंतर्गत रामगढ़ पहाड़ स्थित मंदिर गये थे। यहां मुंडन संस्कार संपन्न होने के बाद शाम को सभी वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब 7.30 बजे पिकअप क्रमांक सीजी 15 एसी 3138 बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग में मेंड्राकला के पास सड़क से लगकर खड़ी मिट्टी लोड ट्रैक्टर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप वाहन के डाला और अंदर सवार 12 महिला-पुरुष व बच्चे घायल हो गए। इनमें बुुजुर्ग महिला प्रासदी राजवाड़े पति स्व. कृपाल राजवाड़े 60 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जबकि उषा राजवाड़े नाम की महिला का हाथ कंधे के पास से कटकर अलग हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पिकअप सहित अन्य साधनों से मेडिकल कॉलेज अस्पताल संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रवाना किया, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने प्रासदी राजवाड़े को मृत घोषित कर दिया, उषा राजवाड़े की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

खुशियां मातम में बदली

घटना से मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्राम केवरा तक जब हादसे की खबर पहुंची तो वहां भी शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने मृत महिला के शव को सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: