बिश्रामपुर। एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद मानसून काल में भी जिले में अवैध रेत उत्खनन व परिवहन बदस्तूर जारी है। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्यवाही के लिए कलेक्टर के निर्देश उपरांत आज खनिज अमले ने जयनगर थाना क्षेत्र से छह वाहन जो अवैध रूप से रेत परिवहन में लगी थी, उन्हे पकड़कर जयनगर पुलिस के अभिरक्षा में सौंप दिया है। खनिज निरीक्षक नेहा टंडन की टीम ने जयनगर क्षेत्र में पकड़ी गई आधा दर्जन वाहनों में रेत लोड वाहन बीजू सरकार निवासी सिलफिली, दुर्गेश जायसवाल निवासी अंबिकापुर, भरोस राम राजवाड़े निवासी वीरपुर की रेत लोड वाहन मिनी ट्रक, वीरसाय भगत निवासी सिलफिली व अवैध गिट्टी लोड हाईवा बरियों निवासी प्रिंस यादव की बताई जा रही है। खनिज अमले ने उक्त पकड़े गए सभी छह वाहनों को जयनगर पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा है।सभी जब्त वाहनों के प्रकरण तैयार करके कलेक्टर के समक्ष पेश करने की बात कही गई है। आज की कार्यवाही में खनिज निरीक्षक नेहा टंडन व उनकी टीम के खनिज सिपाही देवेंद्र साहू, नगर सैनिक बृजेश यादव, खूबचंद, रूप नारायण साहू सक्रिय रहे। आरोप तो यह भी लगाया जा रहा है कि करंजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रुनियाडीह व आसपास के गांवों में स्थित रेण नदी से भी जमकर रेत उत्खनन व परिवहन कार्य सेटिंग के आधार पर धडल्ले के साथ किया जा रहा है, जबकि 15 जून से रेत उत्खनन व परिवहन कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित की गई है।
कार्यवाही के दौरान पैरवी बनी मुसीबत
बताया जा रहा है कि जब भी अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन भंडारण के खिलाफ पुलिस अथवा माइनिंग अमला कार्यवाही के लिए फील्ड पर उतरता है, तब रसुखदारों, नेताओं समेत प्रभावशाली लोगों की कार्यवाही न करते हुए जब्त वाहनों छोड़ देने की सिफारिश आने लगती है। जिस वजह से अमला खुद को असहज महसूस करता है और अपनी कुर्सी बचाने कार्यवाही से दूर रहता है।

Categorized in: