रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी)- नगर सीमा से 26 किलोमीटर दूरी पर स्थित झारखंड के ग्राम रंका में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या एवं जिले में भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लगातार संख्या बढ़ने के बाद जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों की मांग पर कलेक्टर श्याम धावडे के निर्देश पर एसडीएम रामानुजगंज के द्वारा नगर में 26 जुलाई से 2 अगस्त तक सम्पूर्ण लॉकडाउन किये जाने का आदेश जारी किया गया है। जिसके बाद आज नगर की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर श्याम धावडे रामानुजगंज पहुंचे जिन्होंने अंतरराज्यीय कन्हर पुल का निरीक्षण किया एवं पुलिसकर्मियों एवं कोरोना ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों का हौसला अफजाई भी किया।

इस दौरान कलेक्टर श्याम धावडे ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए नगर को पूर्णत सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रामानुजगंज को 26 जुलाई से 2 अगस्त तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है। नगरवासियों के सहयोग से हम कोरोना चेन को तोड़ने में सफल साबित होंगे। श्री धावडे ने नगर वासियों से धैर्य एवं संयम के साथ प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। श्री धावडे ने जिले वासियों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए जाने माक्स का उपयोग करने एवं आवश्यकतानुसार सैनिटाइजर का उपयोग किए जाने का भी आह्वान किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रवेश पैकरा थाना प्रभारी सुरेंद्र श्रीवास्तव सब इंस्पेक्टर मनोज सिंह पी.आर. कश्यप उपस्थित थे।

नदी से आने-जाने से रोके- कलेक्टर श्याम धावडे ने कहा कि अंतरराज्यीय पुल पर से आने-जाने पर रोक लगाने के बाद लोग कन्हर नदी से आने जाने का प्रयास करेंगे इस पर भी निगाह बनाए रखें एवं इस पर रोक लगाएं एवं नगरवासियों को शासन के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए भी समझाइश दे।

लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई- कलेक्टर श्याम धावडे ने कहा कि लॉकडाउन का उल्लंघन जिन लोगों के द्वारा भी किया जाएगा उनके विरुद्ध प्रशासन के द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी। श्री धावडे ने लॉकडाउन के दिशा निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किए जाने का आह्वान किया।

Categorized in: