बिश्रामपुर। रक्षाबंधन पर्व मनाने अपने गृहग्राम लौट रहा इसरो का वैज्ञानिक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया है। मामले में परिजन व पुलिस द्वारा वैज्ञानिक की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कसकेला औरापारा निवासी कालरी कर्मी रामदास पैकरा का 27 वर्षीय पुत्र दीपक पैकरा इसरो में अहमदाबाद में वर्ष 2018-19 से वैज्ञानिक सी के पद पर पदस्थ है। बताया जा रहा है कि वैज्ञानिक दीपक पैकरा रक्षाबंधन पर्व मनाने गतदिनों 5 अगस्त को अहमदाबाद से गृहग्राम कसकेला आने निकला था। 6 अगस्त को वैज्ञानिक द्वारा नागपुर पहुंचने की जानकारी परिजन को दी गई थी। इसके बाद से वैज्ञानिक का मोबाईल स्वीच ऑफ बताने लगा। फोन पे के ट्रांजेक्शन आईडी के माध्यम से परिजन को वैज्ञानिक के साथी ने बताया कि वैज्ञानिक का मोबाईल लोकेशन पुरी बता रहा है। इसके पश्चात परिजन की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देश पर लटोरी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल दो सदस्यीय टीम को परिजन के साथ पुरी रवाना कर दिया। बताया जा रहा है कि पुरी में वैज्ञानिक के होटल ब्लू मून में ठहरने की जानकारी मिली है और 8 अगस्त के बाद से वैज्ञानिक का मोबाईल स्वीच ऑफ होने की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वैज्ञानिक का अंतिम मोबाईल लोकेशन पुरी स्टेशन ही बताया जा रहा है। वैज्ञानिक के परिजन ने बताया कि 7 अगस्त को उस्का मोबाईल चालू था लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया है। उसके बाद से लगातार वैज्ञानिक का मोबाईल स्वीच ऑफ बता रहा है। इसरो के वैज्ञानिक के रहस्यमय ढंग से गायब होने पर हड़कंप मच गया है और अब परिजन में किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता की लकीरें झलकने लगी हैं। 

Categorized in: