रक्षाबंधन पर घर जाने की बात को लेकर हुआ था विवाद, युवती का चल रहा उपचार
अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती ने भी अपना गला काट लिया, उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दरिमा थाना क्षेत्र का मृतक मोहन पैकरा पिता परमानन्द पैकरा 25 वर्ष और सूरजपुर जिला के जयनगर थाना क्षेत्र की युवती महिमा सिदार एक दशक से साथ रह रहे थे। करीब दो माह से दोनों गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में किराए के मकान में रह रहे थे। मोहन पैकरा मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन में युवती घर जाना चाहती थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच बुधवार की सुबह करीब 7 बजे विवाद हुआ। इसके बाद युवती शौचालय की ओर चली गई और युवक खुद का गला धारदार चीज से काट लिया, और लहूलुहान हाल में जमीन पर पड़ा था। युवती शौचालय से वापस आई तो प्रेमी को खून से लथपथ देखकर सहम गई, और शोर मचाया। इसके बाद युवती ने भी खौफनाक कदम उठाते हुए अपना गला काट लिया, जिसमें उसके गले के एक हिस्से में गहरा जख्म पहुंचा है, और सात टांके लगे हैं।
मकान मालिक का कहना है कि, जब वह वाशरूम से बाहर आया तो मोहन और महिमा में झगड़ा हो रहा था। इसे नजरअंदाज करके वह अपने घर के अंदर चले गया, और जिम जाने की तैयारी कर रहा था। थोड़ी देर बाद लड़की जोर से चिल्लाई, जब वह बाहर आया तो देखा खून से लथपथ मोहन पड़ा हुआ है। डॉयल 112 में कॉल करने के बाद वह अपने भाई के साथ गांधीनगर थाने में घटना की सूचना देने गया था। यहां से वापस आया तो लड़की भी अपने गला को काटने की कोशिश की थी, जिससे गहरा जख्म उभर आया था। डॉयल 112 की टीम उसे भी अस्पताल ले गई। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाने से पुलिस और एफएसएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों के स्वजन को घटना की जानकारी देने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। बहरहाल, पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि, युवक ने खुद अपना गला काटा या मामला कुछ और है।
जबरदस्ती नहीं की, सिर्फ पूछी थी
पुलिस के द्वारा की गई पूछताछ में महिमा सिदार ने बताया कि, मोहन पैकरा से वह पूछी रक्षाबंधन में घर चलोगे कि यहीं रहोगे? जबरदस्ती नहीं की, सिर्फ पूछी थी। इसी बात पर धीरे-धीरे विवाद होने लगा, उसके बाद वह वाशरूम चली गई थी। बाहर आकर देखी तो मोहन का गला कटा हुआ था। वह किसी को गला काटते नहीं देखी। दीवार पर खून के धब्बे लगे थे, और वो वहीं पड़ा था। मकान मालिक को चिल्लाकर वह इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह अपना गला काट ली थी।
बयान
मोहन पैकरा और महिमा सिदार, साथ में करीब 10 साल से लिव-इन में रह रहे थे। सुभाषनगर में मंडल परिवार के यहां दो महीने पहले ही कमरा लिया था। बुधवार की सुबह लड़की ने रक्षाबंधन मनाने के लिए घर चलने कहा, तो लड़का जाने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात पर विवाद हुआ और लड़की वाशरूम चली गई, आई तो देखी मोहन अपना गला काट लिया है, इसे देखने के बाद लड़की ने भी अपना गला काट लिया। लड़की को अस्पताल पहुंचा दिया गया है, उसका इलाज चल रहा है और लड़के की मृत्यु हो चुकी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप दुबे, थाना प्रभारी गांधीनगर
