अंबिकापुर। मारपीट मेें गंभीर रूप से जख्मी युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। सात अक्टूबर की सुबह गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की थी। मामला जशपुर जिले के कुनकुरी का है। अरूण चौहान पिता स्व.अकलू चौहान 40 वर्ष कुनकुरी थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती का रहने वाला था। वह सात अक्टूबर की सुबह मोटरसाइकिल से कहीं जाने घर से निकला था। करीब 11 बजे पड़ोसी रविन्द्र उसके घर आकर बताया कि अरूण घायल अवस्था में गांव के मंदिर के पास पड़ा हुआ है। सूचना पर स्वजन मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर स्थिति में पड़ा था। पूछने पर वह स्वजनों को बताया कि गांव के ही राजू चौहान व अन्य लोग उसके साथ मारपीट किए हैं। स्वजन उसे कुनकुरी अस्पताल ले गए, यहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। स्वजन उसे पहले मिशन अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां उसकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। यहां से रेफर करने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Categorized in: