अंबिकापुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने हेतु एवं उनकी शिकायतों का निराकरण के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा एक ऐप बनाया गया है जिसका नाम है अभिव्यक्ति। इस ऐप का लोकार्पण दिनांक एक जनवरी 2022 को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन भूपेश बघेल के द्वारा रायपुर में किया गया था। ऐप में मुख्यता दो फीचर्स हैं जो क्रमशः एसओएस एवं शिकायत प्रणाली के तहत अंतर्निहित हैं। वर्तमान में एसओएस प्रणाली उन जिलों में लागू किया गया है जहां-जहां डायल 112 का संचालन किया जा रहा है। दूसरा शिकायत प्रणाली का संचालन छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों में होगा। इस ऐप के क्रियान्वयन के परिपालन में सरगुजा जिले में भी डायल 112 संचालित है। इसी के मद्देनजर सरगुजा जिले में एसओएस प्रणाली के तहत पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित कांबले के निर्देशन में एक टीम का गठन किया गया है, जिसमें निरीक्षक महालक्ष्मी कुलदीप, निरीक्षक सुनील केरकेट्टा, महिला आरक्षक रिजनी तिग्गा, कौशल्या राजवाड़े को शामिल किया गया है, जो प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों से समन्वय बनाकर निराकरण कराना सुनिश्चित करेंगे। वर्तमान में महिला सेफ्टी सेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संचालित हो रहा है। इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप में शिकायत की प्रकृति बलात्कार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, मारपीट, टोनही प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना, अपहरण, बाल विवाह, मानव तस्करी, एसिड अटैक, अव्यस्क के साथ लैंगिक अपराध, साइबर अपराध शामिल हैं।

Categorized in: