24 घंटे के अंदर हत्यारोपी को सीतापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया
अंबिकापुर। हत्या के मामले में सीतापुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक सुकृत पैकरा निवासी बन्दना द्वारा 14 सितम्बर को सीतापुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि उसकी पत्नी कान्ति पैकरा अपने घर से 13 सितम्बर को लगभग 12 बजे उडुमकेला खार स्थित खेत में घास निकालने गई थी, इस दौरान वह अपने नए मकान के गया था। शाम कों वापस पुराने घर आकर अपनी पत्नी कान्ति पैकरा के बारे में पूछताछ किया तो उसकी लडक़ी कही कि नए घर की ओर जानवर बांधने गई होगी। जब वह पुन: नए घर की ओर पत्नी को देखने के लिए गया तो वह नहीं मिली। उडुमकेला खार के अपने खेत में पत्नी को खोजने गया तो धान के खेत में मेड़ तरफ उसकी पत्नी का पैर दिखाई दिया। पास गया तो उसकी पत्नी मृत हाल में पड़ी थी और उसके सिर में धारदार चीज से आए चोट का निशान था। इसके बाद वापस घर आकर वह अन्य लोगों को घटना की जानकारी दिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103 (1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस ने घटनास्थल एवं शव निरीक्षण कर गवाहों का कथन लिया। इस दौरान ग्राम बंदना के पंचूराम को घटनास्थल के आसपास देखने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने संदेही पंचूराम 53 वर्ष निवासी बन्दना घुटरीपारा सीतापुर को कब्जे में लेकर पूछताछ की तो वह बताया कि घटना दिनांक 13 सितम्बर को वह लकड़ी काटने घटनास्थल के पास गया था। इसी दौरान धान खेत के पास एक महिला को घास उखाड़ते देखा। कौन हो पूछने पर महिला डरकर भागने लगी, इसके बाद वह अपने पास रखे टांगी से महिला पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में निरीक्षक भरतलाल साहू, निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा, उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह, आरक्षक दिलसुख लकड़ा, पंकज देवांगन, मनोहर पैकरा, सुनिल पैकरा, संजय एक्का शामिल रहे।
बयान
सीतापुर थाना अंतर्गत 35 वर्षीय महिला कांति पैकरा का शव खेत की मेड़ में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम, राजपत्रित अधिकारी, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। मृतिका के सिर व माथे के एक हिस्से में धारदार वस्तु से चोट का गहरा निशान था। ऐसे में प्रथम दृष्टि में ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। विवेचना दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Categorized in: