एक जनवरी को घर में घुसकर महिला को टोनही करार देते हुए लाठी-डंडे से की पिटाई, फिर जंगल ले जाकर कर दी हत्या
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुमरपाठ में एक जनवरी को घर में घुसकर महिला को टोनही करार देते हुए लाठी-डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोपियों को संदेह था कि महिला जादू-टोना कर उनके परिवार को हानि पहुंचा रही है। इसी संदेह पर महिला की पहले तो उसके घर में घुसकर पिता-पुत्र सहित छह लोगों ने पिटाई की फिर जंगल की ओर ले जाकर इतना मारा कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक एक जनवरी की शाम को लगभग 4 बजे ग्राम डुमरपाठ निवासी मंगल साय, बंधन, भगतू, बलसा, सकेन्द्रा व मंगलसाय का बेटा लाठी-डंडे लेकर सांझू पहाड़ी कोरवा के घर में घुस गए और सांझू की मां लाली को टोनही कहते हुए लाठी-डंडे से उसकी पिटाई करने लगे। महिला के पति व बहू ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपी इसके बाद सांझू की मां को घर से बाहर निकाल कर जंगल की तरफ ले गए, यहां भी जमकर मारपीट की गई, जिसमें महिला की मौत हो गई। सांझू की रिपोर्ट पर शंकरगढ़ पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरूद्ध धारा 294, 506, 323, 147, 148, 149, 450 व 302 का अपराध दर्ज कर इनकी खोजबीन शुरू की। पुलिस की दो टीमें आरोपियों के तलाश में लगी थी। मुखबिर की सूचना पर सभी आरोपियों को जंगल से ोराबंदी कर गिरफ्तार करने में पुलिस सफल हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अमित गुप्ता, एसआइ रमेश एक्का, एएसआइ रफैल तिर्की, आरक्षक शैलेंद्र तिवारी, संतोष बिहान, निलेन्द्र द्विवेदी, प्रदीप कुमार, प्रवीण कुमार चौहान, मनोज कुजूर, मुनेश्वर राम व लक्ष्मनी पैकरा शामिल रहे।
