मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । मनेन्द्रगढ़ शहरवासियों की सर्वसुविधायुक्त भव्य मिनी स्टेडियम बनाने की मांग पुरानी है वह मांग एक साल के अंदर पूरी हो जाएगी। मनेन्द्रगढ़ शहर में भव्य मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा उसमें चाहे एक करोड़ लगे डेढ़ करोड़ लगे पैसे की कमी नहीं होगी। मनेन्द्रगढ़ शहर को विकसित करना, सुंदर बनाना, स्वस्थ बनाना, सजाना संवारना अब हमारी जिम्मेदारी है। उक्त बातें मनेन्द्रगढ़ विधायक व छत्तीसगढ़ शासन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ कप रात्रिकालीन टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल व समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के आसंदी से कही । मनेन्द्रगढ़ कप रात्रिकालीन टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल व समापन अवसर पर खेल मैदान में उपस्थित जनसमूह व खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुझे चुनाव में भारी मतों से जिताया उसके बाद नगरपालिका चुनाव में अध्यक्ष को जिताया है अब हमारी जिम्मेदारी है शहर को स्वस्थ्य व सुंदर बनाने की । नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव के नेतृत्व में मनेंद्रगढ़ शहर का समुचित विकास किया जाएगा। जब अगले साल मनेंद्रगढ़ कप होगा तो बदले हुए स्वरूप भव्य मिनी स्टेडियम में होगा। नगरपालिका अध्यक्ष जितना जल्दी प्रस्ताव पारित कर देंगी उतना ही जल्दी कार्य को स्वीकृत कराकर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि अगले सत्र से मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू हो जायेगा उसके लिए तैयारियां शुरू हैं। बहुत जल्द साजा पहाड़ सड़क का चौड़ीकरण निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। हंसिया नदी पर 11 करोड़ की लागत से ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जायेगा जिससे हंसिया नदी की गंदगी साफ होकर गंगा जल की तरह स्वच्छ जल प्रवाहित होगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एमसीबी जिले के सम्पूर्ण विकास की बात कही है। उन्होंने भाजपा की साय सरकार की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां गिनाई।

Categorized in: