मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में खड़गवां में विजय शाह का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की। दरअसल, 12 मई को एक कार्यक्रम के दौरान विजय शाह ने पाकिस्तान के खिलाफ हुई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान को लेकर कांग्रेस भड़क उठी है और इसे सेना तथा महिला अधिकारियों का अपमान बताया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन में एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने बुधवार को खड़गवां में विरोध प्रदर्शन कर मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि विजय शाह का बयान भारतीय जनता पार्टी की मानसिकता को उजागर करता है। सेना की महिला अधिकारी पर इस प्रकार की टिप्पणी करना सेना के सम्मान का अपमान है। देश की सेना पर हम सभी को गर्व है और इस बयान से साबित होता है कि बीजेपी नेताओं का नजरिया कितना गिरा हुआ है। इस अवसर पर काफी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Categorized in: