अंबिकापुर। दो पक्षों में डीजे में नाचने के दौरान विवाद के बाद खूनी संघर्ष की स्थिति बन गई। घायल एक व्यक्ति को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि ब्रह्मरोड निवासी राजा पार्टी-शादी में खाना बनाने का काम करता है। उसकी भांजी का विवाह खैरबार में हो रहा है, जहां 20 अप्रैल को मंडप कार्यक्रम था। मंडप के दिन राजा अपने साथी वीरेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव सहित अन्य के साथ गया था, वे घर के अंदर में खाना बना रहे थे। बाहर डीजे बज रहा था, जिसमें गांव के लड़के नाच रहे थे। इसी दौरान इनके बीच विवाद की स्थिति बनी और राजा यादव व साथियों ने आंगन के दरवाजे को बंद कर दिया। रात करीब साढ़े 11 बजे डीजे बजाने वाला युवक राकेश अपने साथी आकाश, उजेन, रवि, धनंजय व अन्य लड़कों के साथ आया और गालीगलौज करते हुए घर के लोगों से मारपीट करने लगा। आरोपितों ने घर के दरवाजे को भी साबर व लात से मारकर तोड़ दिया और राजा व उसके साथियों से मारपीट करने लगे। इसमें सभी को चोटें आई थी। उन्होंने राजा के भाई कान्हा का मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर डॉयल 112 पहुंची और आहतों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने राकेश सहित अन्य लोगों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। दूसरे पक्ष से राजू कश्यप ने की रिपोर्ट मारपीट व बलवा का मामला दर्ज किया है। मारपीट में राकेश को गंभीर चोट आई है, उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Categorized in: