रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी)- छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत भंडरिया थाना क्षेत्र के गाँव बरकोल खुर्द टोला कोढ़िया कोड़कर में जंगली भालू के हमले में तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल लोगों को रात्रि में ही सदर अस्पताल में इलाज हेतु गढ़वा भेज दिया गया है। मृतकों में सुनीत गीद्ध पिता मेंखड़ा गीद्ध उम्र करीब 37 वर्ष, अनित गीद्ध पिता मेखड़ा गीद्ध उम्र करीब 35 वर्ष, राजू मिंज पिता जीवन मिंज उम्र करीब 40 वर्ष के नाम शामिल हैं। वहीं घायलों में छटकु गीद्ध पिता मेंखड़ा गीद्ध उम्र करीब 28 वर्ष, मरियम लकड़ा पति छटकु गीद्ध उम्र करीब 25 वर्ष, कमलेश गीद्ध पिता बुधलाल गीद्ध उम्र करीब 30 वर्ष के नाम शामिल हैं। इनमें से मृतक राजू मिंज व घायल कमलेश गीद्ध को छोड़कर चार अन्य सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। घटना शुक्रवार की रात्रि करीब 7 बजे की बताई गई है। बताया गया कि उपरोक्त सभी लोग बरकोल खुर्द गांव से अपने घर वापस लौट रहे थे। इस बीच एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। यहां बता दें कि जिस समय भालू ने हमला किया उस समय 2 घंटे पूर्व से क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार की सुबह बड़गड़ ओपी पुलिस, प्रभारी कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची व आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी । मौके पर बरगढ़ बीडीओ विपिन कुमार भारती भी पहुंचे।

Categorized in: