टीएस द्वारा लगाए गए आरोप सत्य हैं तो मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए-अनुराग


अंबिकापुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने पिछले 15 वर्षों से अंबिकापुर विधायक व छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा पंचायत मंत्री के पद से इस्तीफा को सवालों के घेरे में लिया है। उन्होंने कहा है कैबिनेट मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री पर आरोप लगाए गए आरोप अगर सत्य हैं तो मुख्यमंत्री को स्वयं अपनी कुर्सी छोड़ देना चाहिए। भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा टीएस सिंह देव की आखिर ये कैसी नाराजगी है, जो स्वास्थ्य मंत्री पद पर बने हैं और पंचायत विभाग छोड़ दिया है। स्वास्थ्य मंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वह कितना नाराज हैं। गुलगुला से परहेज, गुड़ से नहीं, ये कैसी नाराजगी है। उन्होंने कहा टीएस सिंहदेव जनता के प्रति अपने कर्तव्य और दायित्व को छोड़कर लगातार मुख्यमंत्री पद की प्राप्ति की होड़ में शामिल हंै। कांग्रेस के कद्दावर नेता होने के नाते सरगुजा की जनता के प्रति उनका दायित्व अधिक है लेकिन जब उनकी यहां जरूरत होती है तो वे नहीं रहते हैं, इससे कहीं न कहीं सरगुजा की जनता को नुकसान पहुंच रहा है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा एक मंत्री के लिए किसी विभाग को छोडऩा साधारण बात है, लेकिन उन्होंने जो पत्र लिखा है वह प्रश्नचिन्ह लगा रहा है। उन्होंने कहा टीएस सिंह देव ने जो पत्र लिखा है, उसे पढऩे से ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर एक तरीके से जो अविश्वास पत्र जारी किया गया है वह आरोप पत्र से कम नहीं है। उन्होंने अनुच्छेद 75 का उल्लेख करते हुए कहा कि मंत्रीमंडल को लेकर सामूहिक रूप से वे सदन के प्रति उत्तरदायी हैं। सामने यह आया है कि सरकार का एक मंत्री ही सरकार पर प्रश्नचिन्ह लगा रहा है, गेंद भूपेश के पाले में हैं। अनुराग सिंहदेव ने कहा कि टीएस सिंह देव ने पत्र में पेसा कानून का भी मुद्दा उठाया है, जो सरगुजा की जनजातियों को लेकर महत्वपूर्ण है। पत्र में मजदूर हितों की भी बात वे कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास का उल्लेख करते हुए आठ लाख मकान नहीं बनने का जिक्र टीएस सिंहदेव ने किया है, यह गंभीर व सही आरोप हैं। भाजपा का कहना है 16 लाख प्रधानमंत्री आवास गरीबों को मिलना था, वह चार साल में इस सरकार के कारण संभव नहीं हो पाया। इससे छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। पंचायत मंत्री के विभाग के कार्यों के अनुमोदन में अधिकारियों के दखल की बात भी सामने आई है, साथ ही साजिशपूूर्वक आंदोलन का आरोप है। कैबिनेट मंत्री को समग्र विकास के लिए 500 करोड़ स्वीकृति का जो अधिकार था उसे छीनकर सेक्रेटरी को दे दिया गया। उन्होंने कहा भाजपा ने अब तक कांग्रेस सरकार पर जो आरोप लगाए हैं, उसे टीएस सिंहदेव ने प्रमाणित कर दिया है। पत्रकारों से चर्चा दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अखिलेश सोनी, अभिमन्यु गुप्ता, प्रबोध मिंज, संतोष दास सहित अन्य उपस्थित थे।
विधानसभा सत्र में लाएंगे अविश्वास प्रस्ताव
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि आने वाले विधानसभा सत्र में भारतीय जनता पार्टी अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर रही है। भाजपा लगातार तीन वर्षों से प्रधानमंत्री आवास के साथ ही रोजगार गारंटी योजना में भ्रष्टाचार को लेकर आवाज उठा रही है, लेकिन सरकार इस मामले में पल्ला झाडऩे का काम करती आ रही है। भाजपा विपक्ष में है इसलिए आरोप लगा रही है, सरकार का कहना है, लेकिन अब सरकार के अभिन्न अंग कैबिनेट मंत्री ने जो आरोप लगाया है, वह भाजपा के लगाए गए आरोपों को कहीं न कहीं प्रमाणित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब सदन व जनता से विश्वास खो दिया है।
जवाब नहीं दे सकते तो दें इस्तीफा  
भाजपा नेता अखिलेश सोनी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने साढ़े तीन साल में भाजपा के द्वारा छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार पर लगाए गए आरोपों को प्रमाणित किया है। मुख्यमंत्री पत्र नहीं मिला कहकर जिम्मेदारी से हट रहे हैं। पार्टी व सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। एक विभाग से त्यागपत्र देने मात्र से अपमान समाप्त नहीं हो सकता है। अगर मुख्यमंत्री लगाए गए गंभीर आरोपों का उत्तर नहीं दे सकते हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। 

Categorized in: