नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने प्रथम सरगुजा आगमन पर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों की ली बैठक  

अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने भाजपा कार्यालय में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 15 साल में जिन व्यवस्थाओं को हमने देखा था, उसे कांग्रेस सरकार चकनाचूर कर रही है। जन-घोषणा के अनुसार कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ-साथ युवाओं, व्यापारियों, बुजुर्गों व हर तबके के लोगों को भ्रमित करके सरकार बना ली। आज स्थिति यह है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और न ही उन्हें बेरोजगारी भत्ता मिल है। प्रदेश में माफियाओं का राज हो गया है। 40 हजार रुपये में एक हाइवा रेत मिल रहा है। गली-गली में शराब बिक रही है। एक नवंबर से धान खरीदी केंद्रों में शुरू हो गई है, अभी भी प्रदेश के कई ऐसे सुदूर अंचल हैं, जहां बारदाना की किल्लत है। धान खरीदी में जब तेजी आएगी तो किसानों को काफी दिक्कतें आएंगी। भाजपा शासनकाल में किसानों को बारदाना के लिए कभी परेशान नहीं होना पड़ा, परंतु छत्तीसगढ़ में पिछले तीन साल में किसानों को बारदाना की समस्या से जूझना पड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हित में किसान मोर्चा सभी के साथ मिलकर राज्य सरकार की खामियों को जनता के बीच रखेगी और 2023 में छत्तीसगढ़ को कांग्रेस मुक्त करेगी।


कांग्रेस के दिन अब पूरे हुए-ललन प्रताप    
भाजपा जिला अध्यक्ष सरगुजा ललन प्रताप सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों को 2500 रुपये में धान खरीदी का वादा किया पर उसे वह पूरा नहीं किया। सरकार 4 किश्तों में किसानों को पैसा दे रही है। सहकारी समिति के बैंकों के अलावा अन्य किसी बैंकों से किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ। बिजली बिल भी हॉफ नहीं हुआ। गांव में आठ घंटे बिजली कटौती के कारण किसान ट्यूबवेल से खेतों में पानी सिंचित नहीं कर पा रहे हैं। खाद की भी यही स्थिति है। किसानों को 1500 रुपये बोरी में खाद खरीदना पड़ रहा है। सरकार खाद की कालाबाजारी व कृत्रिम कटौती स्वयं करती है और आरोप केंद्र सरकार पर लगाती है। निश्चित ही कांग्रेस के दिन अब पूरे हो गए हैं।


ग्राम पंचायतों में बनाएंगे 10-10 किसान प्रहरी  
किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जन्मेजय मिश्रा ने कहा कि सरगुजा के करीब-करीब सारे किसानों के दु:ख-दर्द को समझते हुए किसानों के हित में किसान मोर्चा के कार्यकर्ता मिलकर लगभग 148 कार्यक्रम किए। आगामी कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोच को आगे बढ़ाते हुए एफपीओ के तहत किसानों को लाभ दिलाने हेतु पहले फेज में 439 ग्राम पंचायतों के सभी ग्राम पंचायतों में 10-10 किसान प्रहरी बनाने का योजना है। आगे किसानों की परेशानी को देखते हुए बड़ा किसान सम्मेलन करना है

Categorized in: