अंबिकापुर। उदयपुर थाना पुलिस ने भाभी की हत्या के आरोपित को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने जमीन विवाद की बात पर पहले भाई पर जानलेवा हमला किया, बाद में बीच-बचाव कर रही भाभी के सिर को फोड़ डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने बताया उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम चकेरी के आश्रित मोहल्ला आमाडुगु में सोमवार को देर रात आपसी विवाद में देवर ने सगी भाभी की हत्या कर दी थी। प्रेम सिंह निवासी चकेरी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अपनी पत्नी सुशीला सिंह के साथ गाली-गलौज कर रहे छोटे भाई परमेश्वर को मना करने उसके घर गया था। इस दौरान परमेश्वर आवेश में जमीन के बंटवारा की बात को लेकर लकड़ी के डंडे से सिर में मारा, जिसमें वह बेहोश हो गया। घटना के दौरान जब आरोपित की भाभी सुशीला बीच-बचाव करने आई तो परमेश्वर उसे भी डंडे से सिर और पेट में मारा, जिसमें सिर फट गया और मौके पर ही सुशीला की मौत हो गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मृतिका के शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपित के तलाश में जुटी थी। जांच, विवेचना के दौरान पुलिस फरार आरोपित परमेश्वर सिंह के तलाश में जुटी और उसे गांव से ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उसने जमीन के बंटवारा को लेकर भाई को जान से मारने का प्रयास करने और भाभी की हत्या करना  स्वीकार किया। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर उपनिरीक्षक धीरेंद्रनाथ दुबे, उप निरीक्षक समरेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष गुप्ता, महिला आरक्षक सुनीति राजवाड़े, आरक्षक देव नारायण सिंह, विमल सिंह, अजय शर्मा, नगर सैनिक अपीकेश्वर दास शामिल रहे।

Categorized in: